दीपावली और छठ पर रायबरेली से दिल्ली रूट पर चलेंगी 12 अतिरिक्त बसें, चालकों-परिचालकों को मिलेगा इंसेंटिव
दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने रायबरेली से दिल्ली मार्ग पर 12 अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी की है।
-1776414607510_v-1793708747911_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रायबरेली-दिल्ली मार्ग पर 12 अतिरिक्त बसें चलेंगी।
6 से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
चालकों-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। दीपावली, भैया दूज और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों के विशेष संचालन की तैयारी की है। इस दौरान त्योहार को देखते हुए दिल्ली मार्ग पर 12 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही छह से 17 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बसों के अधिकतम संचालन पर चालक और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।
विशेष अभियान के तहत चालक और परिचालक को प्रतिदिन 300 किलोमीटर बस संचालन करने पर 400 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। वहीं, 300 किलोमीटर से अधिक बस चलाने पर अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से दिया जाएगा।
आठ नवंबर को दीपावली, 11 नवंबर को भैयादूज और 13 से 16 नवंबर तक छठ पूजा का पर्व है। इस दौरान दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 12 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इसके अलावां ग्रामीणांचलों के मार्गों पर यात्रियों की जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि विशेष अभियान के दौरान चालक, परिचालक समेत अन्य कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। प्रत्येक बस स्टेशन को व्यवस्थाओं के संचालन के लिए पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। यात्रियों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1800 1802877 भी जारी किया गया है।