छठ पूजा की तैयारियां तेज: रायबरेली में गंगा और नहर घाटों पर सफाई अभियान शुरू, दुरुस्त की जा रहीं व्यवस्थाएं
रायबरेली में छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां राजघाट, धोबी घाट, शारदा नहर और एनटीपीसी गंगा घाट सहित ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
रायबरेली में छठ पूजा की तैयारियां, घाटों की सफाई शुरू।
राजघाट, शारदा नहर, एनटीपीसी गंगा घाट पर व्यवस्थाएं दुरुस्त।
चार दिवसीय पर्व 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ प्रारंभ।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। छठ पूजा पर्व को लेकर जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर पालिका क्षेत्र के राजघाट,धोबी घाट,अमावा व सुल्तानपुर मार्ग स्थित शारदा नहर के किनारे छठ पूजा की जाएगी। वहीं ऊंचाहार क्षेत्र के मनीरामपुर के पास नहर किनारे भी व्रती महिलाएं और श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे।
इसके अलावा एनटीपीसी के गंगा घाट पर भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पर्व को देखते हुए घाटों की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।
छठ पूजा को लेकर घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आसपास की सफाई कराई जा रही है। नहर और गंगा घाट के किनारे जमा कूड़े-कचरे को हटाने के साथ पूजा स्थल को व्यवस्थित किया जा रहा है। पुरोहित जितेंद्र द्विवेदी ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
व्रती महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना के लिए निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी। छठ पूजा का चार दिवसीय कार्यक्रम 13 नवंबर से शुरू होगा। पहले दिन शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होगी। दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना और लोहंडा का आयोजन किया जाएगा।
तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगी। वहीं चौथे और अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है।
यह भी पढ़ें- रायबरेली में धार्मिक आयोजन के चंदे को लेकर खूनी संघर्ष: घर में घुसकर लाठियों और रॉड से हमला, दो गंभीर घायल
घाटों पर साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां पूरी करने के लिए संबंधित लोगों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। खाद्य एवं सफाई निरीक्षक रविशेखर ने बताया कि प्रशासनिक व पुलिस की टीम ने निरीक्षण किया है। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।