रायबरेली में दीपावली के बाद भी नहीं सुधरी शहर की आबोहवा, एक्यूआई फिर पहुंचा 178
रायबरेली में दीपावली के बाद भी वायु प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में बना हुआ है, बुधवार को एक्यूआई 178 ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
रायबरेली का एक्यूआई 178, मध्यम श्रेणी में बरकरार।
कूड़ा जलाना, धूल और धुआं प्रदूषण के मुख्य कारण।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। शहर की आबोहवा में प्रदूषण का असर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली के बाद से लगातार प्रदूषण के उतार-चढ़ाव के बीच हवा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। बुधवार सुबह से ही शहर में धुंध छाई रही।
मंगलवार की तुलना में बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) में छह अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 18 नवंबर को शहर का एक्यूआइ 178 रहा, जबकि 17 नवंबर को 172 और 16 नवंबर को 184 दर्ज किया गया था। लगातार बदलते आंकड़ों के बावजूद प्रदूषण का स्तर लोगों की चिंता बढ़ा रहा है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से नगर पालिका क्षेत्र में लगाए गए वायु गुणवत्ता मापक यंत्र के आंकड़ों पर गौर करें तो दीपावली के बाद से ही शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर सामान्य से अधिक बना हुआ है। नौ नवंबर को शहर का एक्यूआइ 200 दर्ज किया गया था। इसके बाद 10 नवंबर को 189, 11 नवंबर को 153 और 12 व 13 नवंबर को भी 153 रहा।
14 नवंबर को इसमें गिरावट आई और एक्यूआइ 142 पर पहुंच गया। 15 नवंबर को भी यही स्थिति बनी रही। इसके बाद 16 नवंबर को अचानक 42 अंकों की बढ़ोतरी के साथ एक्यूआइ 184 पहुंच गया। 17 नवंबर को इसमें 12 अंकों की गिरावट आई और यह 172 रहा। वहीं, 18 नवंबर को फिर छह अंकों की वृद्धि दर्ज की गई।
कूड़ा जलाने और धूल से बिगड़ रही हवा
छठ पर्व के समापन के बाद भी शहर में धुंध और प्रदूषण का असर बना हुआ है। सुबह और शाम वातावरण में धुंध छाने से लोगों को परेशानी हो रही है। शहर में जगह-जगह कूड़ा जलाना, सड़कों पर उड़ती धूल और वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में शामिल हैं। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में कुल 34 वार्ड हैं। इन वार्डों के मोहल्लों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जरूरत है। कई स्थानों पर कूड़े के ढेर में आग लगाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को दूषित कर रहा है।
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नियमित सफाई, कूड़े का समय से उठान और सड़कों पर पानी का छिड़काव जरूरी है। इसके साथ ही खुले में कूड़ा जलाने पर प्रभावी रोक लगानी होगी। नगर पालिका को सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था की निगरानी कर ऐसे स्थानों को चिह्नित करना चाहिए, जहां कूड़ा जलाने की शिकायतें मिलती हैं।
मध्यम श्रेणी में बनी हुई है हवा
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अजय कुमार एक्यूआइ शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बेहद खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में माना जाता है। बुधवार को रायबरेली का एक्यूआइ 178 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है। हालांकि, लगातार धुंध बने रहने और प्रदूषण के स्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए सतर्कता बरतना जरूरी है।
बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी जरूरी
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा पुष्पेंद्र कुुमार ने बताया कि प्रदूषण के बढ़ते असर को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और शाम धुंध के दौरान खुले में अधिक देर तक रहने से बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें- यूपी की 12 मंजिला इमारत में घुसे आतंकी, NSG कमांडो ने हेलीकॉप्टर से उतरकर किया ढेर; CM योगी ने देखा लाइव एक्शन
वहीं, शहरवासियों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कूड़ा जलाने पर रोक लगाने तथा धूल नियंत्रण के ठोस इंतजाम करने होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।