विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी की 12 मंजिला इमारत में घुसे आतंकी, NSG कमांडो ने हेलीकॉप्टर से उतरकर किया ढेर; CM योगी ने देखा लाइव एक्शन

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:52 PM (IST)

लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने एनएसजी और यूपी एटीएस ने आतंकवाद निरोधक अभियान का जीवंत प्रदर्शन किया।

बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी और उप्र पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में आतंकवादी कार्यवाई होने पर मुस्तैद एनएसजी के जवान। जागरण

बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी और उप्र पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम में आतंकवादी कार्यवाई होने पर मुस्तैद एनएसजी के जवान। जागरण

HighLights

  1. लखनऊ में एनएसजी और यूपी एटीएस का संयुक्त अभ्यास प्रदर्शन।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंतरिक सुरक्षा पर दिया जोर।

  3. आतंकियों से निपटने की आधुनिक रणनीति का जीवंत पूर्वाभ्यास।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अचानक पुलिस लाइन में सायरन गूंजता है। सूचना मिलती है कि 12 मंजिला इमारत के बी ब्लाक में आठ से दस आतंकियों ने घुसपैठ कर कई लोगों को बंधक बना लिया है। स्थानीय पुलिस तत्काल मोर्चा संभालती है। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी को मार गिराया जाता है, लेकिन इमारत के भीतर बंधकों की मौजूदगी के कारण ऑपरेशन की कमान एनएसजी को सौंप दी जाती है।

तभी आसमान में हेलीकाप्टर दिखाई देता है। उससे रस्सियों के सहारे उतरे एनएसजी कमांडो सीधे इमारत की छत पर पहुंचते हैं। कुछ जवान रस्सियों के सहारे नीचे उतरते हैं तो कुछ रेलिंग और छज्जों के रास्ते भवन में दाखिल होते हैं।

चंद मिनटों में कमांडो अलग-अलग मंजिलों पर मोर्चा संभाल लेते हैं। गोलियों की आवाज के बीच आतंकियों को एक-एक कर ढेर किया जाता है। बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही पूरी इमारत को अपने नियंत्रण में ले लिया जाता है।

प्रशिक्षित डॉग ने भी लिया हिस्सा

बुधवार को लखनऊ पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने एनएसजी और यूपी एटीएस के कमांडो ने करीब 50 मिनट तक आतंकवाद निरोधक अभियान का ऐसा ही जीवंत प्रदर्शन किया। संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर पांच अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई का पूर्वाभ्यास कराया गया।अभियान में एनएसजी की के-9 टीम के प्रशिक्षित डाग ने भी हिस्सा लिया।

इस दौरान वीवीआइपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव और आतंकी हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने का प्रदर्शन भी किया गया। वीवीआइपी नेता की सुरक्षा के अभ्यास में वाहन से उतरने और जनता की ओर हाथ हिलाने के दौरान सुरक्षा घेरे की व्यवस्था दिखाई गई। वीवीआइपी काल्पनिक नेता के जनता को हाथ दिखाते हुए देखकर मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत मंच में बैठे सभी लोग मुस्कुराने लगे।

वहीं कार्यक्रम की शुरुआत में एनएसजी के डाग जानी ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। डीजीपी राजीव कृष्ण ने बताया कि एक महीने तक चलने वाले इस संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूपी एटीएस के कमांडो को आधुनिक तकनीक, आतंकवाद निरोधक रणनीति और त्वरित कार्रवाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य दोनों बलों के बीच समन्वय और आपरेशनल क्षमता बढ़ाना है।

आतंकियों के लिए भारत की सुरक्षा नीति में कोई जगह नहीं, हर चुनौती की तैयारी : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र और प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट है। अब न अपराधियों को अभय मिलेगा, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होगा। बदलती वैश्विक चुनौतियों के बीच सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय और बेहतर टीमवर्क के साथ तैयार रहना होगा। एनएसजी और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम नए भारत के उस संकल्प का प्रतीक है, जहां सुरक्षा बल हर चुनौती से दस कदम आगे रहने की तैयारी करते हैं। यूपी पुलिस और एटीएस के पराक्रम पर देश को गर्व है। प्रयागराज कुंभ-2019 और महाकुंभ-2025 में करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा इसका उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को तकनीक और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया गया है। सभी 75 जिलों में साइबर थाने खोले गए हैं। आपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यूपी-112 का रिस्पांस टाइम 65 मिनट से घटाकर पांच से सात मिनट तक किया गया है। प्रदेश में एटीएस की 21 फील्ड यूनिट सक्रिय हैं।

योगी ने कहा कि डकैती की घटनाओं में 84 प्रतिशत और लूट में 77 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है। अपराधियों और माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त किया गया है।

यह भी पढ़ें- अब यूपी में घर-घर दस्तक देगा बिजली विभाग; शिकायतों के निस्तारण के साथ होगी बकाया वसूली और लोड की जांच

उन्होंने आगाह किया कि आतंकी अब हवाला नेटवर्क, फेक करेंसी, साइबर अपराध और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। कोई आतंकी डार्क वेब या क्रिप्टो वालेट के पीछे नहीं छिप सकेगा। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।