दीपावली से पहले रायबरेली को बड़ा तोहफा, 2.78 लाख लाभार्थियों को मिलेगा नि:शुल्क रसोई गैस सिलेंडर
रायबरेली में 2.78 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को दीपावली से पहले मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर मिलेंगे। यह घोषणा गरीबों के लिए त्योहार के बोझ को कम करेगी और उनके चेहरों पर खुशी लाएगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
रायबरेली में 2.78 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलेंडर।
दीपावली से पहले मिलेगा मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर का लाभ।
यह योजना निर्धन परिवारों के लिए त्योहार का बोझ कम करेगी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। सरकार जिले के दो लाख 78 हजार 43 उज्ज्वला गैस कनेक्शन धारकों को मुफ्त सिलेंडर देगी। शासन ने पत्र जारी करते हुए इसके लिए जिला पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया है। दीपावली के पहले सिलेंडर मिलने की घोषणा से गरीबों के चेहरे खिल गए है। इस घोषणा ने त्योहार में उनके ऊपर पड़ने वाले बड़े बोझ को हल्का कर दिया है।
जनपद में इंडेन पेट्रोलियम कंपनी के एक लाख 62 हजार छह सौ 97, भारत पेट्रोलियम के 38 हजार एक सौ 10 व हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 76 हजार चार सौ 50 निर्धन परिवारों को निश्शुल्क उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आधी आबादी को धुएं से बचाने के लिए साल 2016 में उत्तर प्रदेश के बलिया से इस योजना की शुरूआत की थी। तब से इस योजना के तहत त्योहार से लेकर आम दिनों तक योजना का अनवरत लाभ दिया जा रहा है। खासतौर पर होली व दीपावली पर नि:शुल्क रिफिल अवश्य उपलब्ध कराया जाता है।
इस बार भी शासन पात्र महिलाओं को निश्शुल्क सिलिंडर उपलब्ध कराएगा। दीपावली के लिए अक्टूबर से दिसंबर के बीच व होली के लिए जनवरी से मार्च 2027 तक सिलिंडर दिया जाएगा। इसके लिए ब्लाक स्तर की सूची बनवा कर सभी पूर्ति निरीक्षकों को सौंप दी जाएगी। इस घोषणा के बाद आधी आबादी के चेहरे पर खुशी देखी जा सकती है। अमर नगर निवासी रजनी ने बताया कि 2022 में उज्ज्वला कनेक्शन लिया था। पहले अंगीठी में खाना बनाती थीं, जिससे काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता था।
त्योहार में मुफ्त सिलेंडर मिलने से काफी बड़े खर्च से बचत हो जाती है। स्वराज नगर की शबनम ने बताया कि सरकार की यह स्कीम महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद है। पहले कनेक्शन के लिए गैस कंपनियां अनाप शनाप पैसा वसूलती थी। इस योजना के तहत मुफ्त कनेक्शन मिला है। जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान का कहना कि सभी उज्ज्वला कनेक्शन धारकों को दीपावली व होली में मुफ्त सिलिंडर दिया जाता है। इस बार भी बहुत जल्द इसकी घोषणा की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।