विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

थमने लगी 'पीली नगरी' की ठन-ठन, कच्चे माल की किल्लत से दम तोड़ रहा रायबरेली के महराजगंज का पीतल उद्योग

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:16 PM (IST)

रायबरेली के महराजगंज का प्रसिद्ध पीतल बर्तन उद्योग सरकारी उपेक्षा, महंगाई और कच्चे माल की कमी के कारण दम तोड़ रहा है। कभी 'पीली नगरी' के नाम से मशहूर यह कस्बा अब अपनी हस्तकला विरासत खो रहा है, जहाँ केवल एक कारीगर ही इस परंपरा को बचाए हुए है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. महराजगंज का पीतल बर्तन उद्योग अब समाप्ति की ओर।

  2. महंगाई, कच्चे माल की कमी मुख्य कारण बने।

  3. केवल एक कारीगर राजकुमार ने संभाली है विरासत।

संवादसूत्र, महराजगंज (रायबरेली)। दिग्विजय गंज से महराजगंज बना कस्बा पीतल के बर्तन बनाने के लिए चर्चित रहा। अब यह हस्तकला यहां दम तोड़ रही है। सरकारों की उपेक्षा, महंगाई, कच्चे माल की किल्लत से यह व्यवसाय बेपटरी हो गया। स्टील के बर्तनों के चलन से भी बाजार में खफत कम हुई और व्यापारियों का मन टूट गया।कस्बे में घर - घर लगी भट्ठियों व कारखानों से गलियों में ठन - ठन की आवाज बंद हो गई।

लगभग 100 वर्ष पहले चंदापुर रियासत के तत्कालीन राजा दिग्विजय सिंह ने अतरेहटा ग्राम में दिग्विजयगंज नाम से बाजार बनाई। यहां पर आस - पास के गांव से बर्तन बनाने वाले ठठेर जाति के लोगो को बसाया। इन्हे पीतल के वर्तन बनाने के व्यवसाय में प्रोत्साहन भी दिया। रोजगार को आगे बढ़ा सके इसके लिए खेतिहर भूमि भी दी।

घर - घर पीतल के वर्तन बनाने का व्यवसाय शुरू हुआ। यहां से बर्तन बना कर व्यापारी लखनऊ , कानपुर के अलावा अन्य शहरों में भी बेचना शुरू कर दिये। यह नगर पीली नगरी के नाम से भी जाना जाने लगा। कालांतर में दिग्विजयगंज से महराजगंज नाम पड़ा। वर्ष 1935 में इसे नगर पंचायत का दर्जा भी मिला। धीरे - धीरे पीतल के बर्तनों के कारखाने विलुप्त होते गए।

पीतल के बर्तनों का कारखाना लगाने वाले स्वर्गीय राधाकिशन, अहोरवा दीन, मुन्नूलाल , बाबादीन जैसे मशहूर पुरखो की विरासत छोड यहां के व्यापारी बर्तन की दुकान से बर्तन बेचने तक सीमित रह गए। बर्तन व्यवसाई संतोष गुप्ता बताते हैं कि महंगाई व कच्चा माल की अनुपलब्धता के कारण व्यवसाय ठप हुए हैं। जय नारायण वर्मा ने बताया कि पीतल बर्तन बनाने के कारखाने बंद होने के पीछे महंगाई के अलावा अन्य तमाम कारण है।

उन्होंने बताया कि पीतल के बर्तन बनाने में काली मिट्टी का भी प्रयोग होता है। आसपास के तालाब भी समाप्त हो चुके हैं। काली मिट्टी वाले जो तालाब थे भी वह किसी न किसी को आवंटित कर दिए गए हैं। कच्चा माल की अनुपलब्धता बड़ा कारण है।

राजकुमार ने संभाली विरासत
पुरखों की हस्तकला को राजकुमार अभी भी संभाले हुए हैं। पीतल धातु के बर्तन बनाने की अकेली भट्टी चला रहे हैं। राजकुमार आरके मार्का पीतल के बटुए बनाते है। उन्होंने बताया कि वह दुकानदारों के आर्डर पर बालू के सांचे में कोयले के भट्टी पर काम करते हैं। वह केवल पीतल के बटुए बनाते हैं। पूजी कम होने के चलते व्यापारियों से कच्चा माल लेकर 70 रुपए प्रति शेर (95 ग्राम) पर काम करते हैं।

आधा किलो से लेकर 2 किलो तक के बटुए कारखाने में बनते हैं। तीन बटुए तैयार करने में अधिकतम 2 घंटे लगते हैं। हाथ से बटुओ का निर्माण करने में समय अधिक लगता है। महंगाई व कच्चा माल की अनुपलब्धता के कारण आने वाली पीढ़ियां रुचि नहीं ले रही है।

यह भी पढ़ें- रायबरेली में सिम पर मुफ्त कंबल का लालच देकर लिया बायोमेट्रिक, धोखे से खुलवा दिए बैंक खाते

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।