रायबरेली में सिम पर मुफ्त कंबल का लालच देकर लिया बायोमेट्रिक, धोखे से खुलवा दिए बैंक खाते
रायबरेली के बछरावां में साइबर अपराधियों ने मुफ्त कंबल का लालच देकर 150 से अधिक ग्रामीणों का बायोमेट्रिक लिया और धोखे से उनके बैंक खाते खोल दिए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों, अजीत रावत और गोकुल, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
-1795925816119_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
मुफ्त कंबल के लालच में बायोमेट्रिक डेटा लिया गया।
साइबर अपराधियों ने 150 से अधिक बैंक खाते खोले।
पुलिस ने दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। बछरावां के एक गांव में मोबाइल सिम खरीदने पर मुफ्त कंबल का लालच देकर साइबर अपराधियों ने 150 से अधिक लोगों का बायोमेट्रिक करवाया। इसके बाद बायोमेट्रिक के जरिए बैंक खाते खोले गए। खाते की जानकारी होते ही ग्रामीणों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है, इनमें एक आरोपित लखनऊ व दूसरा उन्नाव का रहने वाला है।
बछरावां के टांडा मजरे शेखपुर समोधा गांव निवासी माया देवी ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर को दो लोग गांव आए। इनमें एक लखनऊ व दूसरा उन्नाव का रहने वाला है। आरोपितों ने गांव में 21 से 28 नवंबर तक मोबाइल सिम बिक्री का कैंप लगाया। कैंप में आरोपितों द्वारा लोगों को फंसाने के लिए सिम खरीदने पर कंबल मुफ्त देने का आफर रखा गया।
सिम के लिए आरोपितों ने लोगों का बायोमेट्रिक कराया गया। माया देवी का कहना है कि आफर के लालच में आकर करीब डेढ़ सौ से अधिक लोगों ने सिम खरीद लिया। आरोप है कि सिम बेचने के बाद आरोपितों ने बायोमेट्रिक के जरिए धोखे से सभी के एनएसडीएल बैंक खाते खोले। इसके बारे में ग्रामीणों को नहीं बताया गया।
महिला ने आशंका जताई कि आरोपित साइबर ठगी का काम करते हैं। आरोपियों ने साइबर फ्राड के रुपयों के लेनदेन के लिए सभी खाते खुलवाए हैं। बछरावां प्रभारी निरीक्षक श्याम कुमार पाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर लखनऊ निवासी अजीत रावत और उन्नाव के गोकुल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।