रेलवे अपराधों पर लगाम: जीआरपी का 'सी-प्लान' ऐप रखेगा उपद्रवियों पर पैनी नजर
रायबरेली जीआरपी रेलवे ट्रैक और स्टेशनों के पास होने वाले अपराधों, जैसे पत्थरबाजी, को रोकने के लिए 'सी-प्लान' ऐप का ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
जीआरपी 'सी-प्लान' ऐप से रेलवे अपराधों पर रखेगी नजर।
पत्थरबाजी समेत रेलवे अपराधों में शामिल आरोपितों का रिकॉर्ड होगा।
बाल अपचारियों की गतिविधियों पर भी रखी जाएगी विशेष निगरानी।
जागरण संवाददाता, रायबरेली। रेलवे ट्रैक किनारे और रेलवे स्टेशनों के आसपास रहने वाले पत्थरबाजी समेत अन्य रेलवे अपराधों में शामिल रहे आरोपितों पर अब जीआरपी नजर रखेगी। इसके लिए जीआरपी की ओर से सी-प्लान एप का इस्तेमाल किया जाएगा।
इस एप में रेलवे अपराधों से जुड़े आरोपितों के साथ बाल अपचारियों का भी रिकार्ड दर्ज किया जाएगा। इससे पुलिस को उनकी गतिविधियों और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी।
जिले में जीआरपी थाना होने के साथ ऊंचाहार में पुलिस चौकी है। इनके क्षेत्राधिकार में जिले के सभी रेलवे स्टेशन आते हैं। रेलवे ट्रैक पर पत्थरबाजी, ट्रेनों पर पथराव और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए जीआरपी ने यह पहल की है।
इसके तहत पूर्व में रेलवे ट्रैक और स्टेशन के आसपास हुई घटनाओं के स्थलों को चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद पुलिस टीम संबंधित स्थानों पर पहुंचकर आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाएगी। जीआरपी पुलिस संबंधित आरोपितों के पड़ोसियों और आसपास रहने वाले लोगों से संपर्क करेगी।
उनसे आरोपितों की मौजूदा गतिविधियों, उनके रहन-सहन और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली जाएगी। पुलिस को मिलने वाली सूचनाओं को विभागीय सी-प्लान एप में दर्ज किया जाएगा। इसमें बाल अपचारियों से संबंधित रिकार्ड भी सुरक्षित रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमूल के बाद अब पराग दूध होगा महंगा, गुरुवार से लागू होंगे गोल्ड और टोंड मिल्क के नए दाम
इस प्रक्रिया से रेलवे अपराधों में पहले शामिल रहे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर उनके बारे में त्वरित जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी। जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार का कहना कि सी-प्लान एप में अपराधियों का डाटा फीड किया जाएगा। इसको लेकर पुराने व नए रिकार्ड अभिलेखों से खंगाले जा रहे हैं।