युवाओं के हक से खिलवाड़ करने वालों का कोई नैतिक बल नहीं : प्रयागराज में बोले योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में कहा कि युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों का कोई नैतिक बल नहीं ...और पढ़ें

प्रयागराज में योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के हित की बात कही। जागरण
HighLights
स्नातक मतदाता सम्मलेन में बोले सीएम, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को जवाब देने का समय
मुख्यमंत्री ने कहा- शिक्षक का सम्मान तभी बढ़ता है, जब शिक्षा राष्ट्र और लोक कल्याण का माध्यम बनती है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वाले उनके समर्थन के हकदार नहीं हो सकते, क्योंकि पापियों का कोई नैतिक बल नहीं होता। वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं था और माफिया के खौफ में आम आदमी से लेकर व्यापारी और बेटियां तक असुरक्षित थीं।
मेहनत करने वाले युवाओं को उनका हक मिल रहा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक मतदाता सम्मेलन के मंच से माफियाराज के खात्मे, युवाओं के भविष्य और सुशासन के मुद्दे को धार देते हुए कहा कि अब प्रदेश में मेहनत करने वाले युवाओं को उनका हक मिल रहा है। जिस जमीन पर कभी माफिया कब्जा कर अपनी हुकूमत चलाते थे, आज उसी पर गरीबों के लिए आवास बन रहे हैं। यह बदले उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां विकास और विरासत का अद्भुत संगम प्रयागराज की नई पहचान बन रहा है।
योगी बोले- पूरा प्रदेश परिवार है
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए परिवार ही प्रदेश था, जबकि उनके लिए पूरा प्रदेश परिवार है। सरकार नौजवानों को आत्मनिर्भर बनाने और हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए काम कर रही है। भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार अब तक साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दे चुकी है। पुलिस भर्ती पूरी हो गई है और 42 हजार होमगार्ड की भर्ती भी पूरी कर ली गई है। पहले परीक्षाओं में मेहनत करने वाले युवाओं को निराशा हाथ लगती थी और अयोग्य लोगों को आयोगों में बैठा दिया जाता था। अब किसी को नौकरी के लिए सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ती। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जवाब देने का समय आ गया है।
अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील की
उन्होंने इलाहाबाद-झांसी स्नातक खंड से भाजपा-एनडीए के संयुक्त प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील की। माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास निर्माण को कानून के राज का उदाहरण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कसारी-मसारी में जिस जमीन पर कभी अतीक अहमद और अशरफ का दबदबा था, वहां अब गरीबों के लिए आशियाने बन रहे हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की इस परियोजना में 14 मंजिला इमारत में 602 फ्लैट बनाए जाएंगे। प्रत्येक फ्लैट में दो बेडरूम, हॉल और किचन की सुविधा होगी।
बेहतर बुनियादी ढांचा विकसित हुआ है
उन्होंने कहा कि माफिया के खात्मे के बाद प्रदेश में बेहतर बुनियादी ढांचे का विकास हुआ है और प्रयागराज में भव्य महाकुंभ का आयोजन इसी बदलते परिवेश का उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन से विरासत और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ने का अवसर मिला है।
मसुरिया दीन पासी के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाशय मसूरिया दीन पासी के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में केवल नेहरू-गांधी ही नहीं, मसूरिया दीन पासी जैसे अनेक महापुरुषों ने भी संघर्ष किया और नौ वर्ष जेल में बिताए। इतिहास में उपेक्षित ऐसे नायकों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने उनकी प्रतिमा वाले चौराहे का नामकरण महाशय मसूरिया दीन पासी के नाम पर करने और प्रयागराज के एक संस्थान को भी उनका नाम देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक का सम्मान तब बढ़ता है, जब शिक्षा लोककल्याण का माध्यम बनती है।
एक अन्य परियोजना का शिलान्यास होने वाला है: केशव मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक माफिया ने कई जमीनों पर कब्जा किया था। वह अल्लाह मियां के पास पहुंच गया है। अब कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर पश्चिमी क्षेत्र में भी एक अन्य परियोजना का शिलान्यास होने वाला है। प्रदेश में विकास के बड़े काम हो रहे हैं। अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के दूसरे नेता देशभर में चुनाव हारने पर चुनाव आयोग और ईवीएमम पर सवाल उठाते हैं। वे आरोप लगाते हैं कि चुनाव में गड़बड़ी के कारण उनकी हार होती है।
अब वोट चोरी का आरोप कैसे लगाएगा विपक्ष
उन्होंने कहा कि यह चुनाव ईउवीएम से नहीं, बल्कि बैलेट पेपर से हो रहा है। इसलिए किसी को आरोप लगाने का अवसर नहीं मिलेगा। केशव मौर्य ने बताया कि 23 तारीख को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। प्रयागराज में करीब 1.15 लाख मतदाता हैं, जबकि पूरे निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 2.62 लाख है। उन्होंने कहा कि वे एक दिन पहले जालौन गए थे। वहां उन्होंने कहा था कि प्रयागराज में भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को 80 प्रतिशत वोट मिलने जा रहे हैं।
