UPPSC एलटी ग्रेड मुख्य परीक्षा 2025: गृहविज्ञान विषय का परिणाम घोषित, पुरुष वर्ग की 151 रिक्तियां नहीं भरी
यूपीपीएससी ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) मुख्य परीक्षा-2025 के गृह विज्ञान विषय का परिणाम घोषित कर दिया ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज।
HighLights
महिला शाखा के सभी 163 पदों पर चयन, पुरुष शाखा के 206 रिक्तियों पर 55 चयनित
यूपीपीएससी ने घोषित किया परिणाम, दो समूहों का परिणाम दूसरे प्रश्नपत्र के बाद होगा जारी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) मुख्य परीक्षा-2025 के गृह विज्ञान विषय का परिणाम घोषित कर दिया है। ग्रुप-1 पुरुष शाखा की 206 रिक्तियों के सापेक्ष 55 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया गया है। वहीं महिला शाखा की 163 रिक्तियों के सापेक्ष 163 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। पुरुष शाखा में 151 रिक्तियों के सापेक्ष उपयुक्त अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण ये पद खाली रह गए हैं।
आयोग के सचिव गिरजेश कुमार त्यागी के अनुसार गृह विज्ञान विषय की प्रारंभिक परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। इसमें कुल 55,475 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर 18 फरवरी 2026 को मुख्य परीक्षा के लिए 2,784 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इसके बाद 16 मई को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई।
आयोग के अनुसार यह परिणाम अंतिम नहीं है। सफल अभ्यर्थियों के मूल प्रमाणपत्रों और अभिलेखों का मिलान एवं सत्यापन होने के बाद ही उनकी संस्तुति की जाएगी। सचिव के अनुसार भर्ती के तहत समूह-2 और समूह-3 के अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा में दो प्रश्नपत्र निर्धारित हैं। इनमें से द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा अभी आयोजित की जानी है।
यह परीक्षा होने के बाद नियमानुसार दोनों समूहों का अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। इस कारण इन समूहों के अभ्यर्थियों को अभी परिणाम के लिए प्रतीक्षा करनी होगी। सफल अभ्यर्थियों का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार कटआफ अंक समूह-2 और समूह-3 का अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।
