UPPSC LT Grade 2025 : एलटी ग्रेड विज्ञान विषय के 1214 पद खाली, योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले
यूपीपीएससी एलटी ग्रेड 2025 विज्ञान विषय में 1214 पद खाली रह गए हैं क्योंकि योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले। कुल 1343 पदों में से केवल 129 अभ्यर्थी सफल हुए।

एलटी ग्रेड विज्ञान विषय में अधिकांश पद प्रयागराज में खाली रहे।
HighLights
1343 पदों के मुकाबले सिर्फ 129 सफल, 104 पुरुष व 25 महिलाएं शामिल
पुरुष शाखा के 764 में 660 और महिला शाखा के 573 में 548 पद रिक्त
सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UPPSC LT Grade 2025 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की एलटी यानी सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2025 में 1214 पद खाली रह गए हैं। विज्ञान विषय की भर्ती में योग्य अभ्यर्थियों की कमी का असर इतना व्यापक रहा कि पुरुष शाखा के 764 पदों में से 660 पदों पर चयन के लिए पर्याप्त अभ्यर्थी नहीं मिल सके, जबकि महिला शाखा में 573 पदों के सापेक्ष 548 पद रिक्त रह गए। यानी कुल 1343 पदों में से 1214 पदों पर पर्याप्त अभ्यर्थी नहीं मिल सके।
सात से 12 दिसंबर तक हुई थी परीक्षा
आयोग ने शुक्रवार को एलटी ग्रेड विज्ञान विषय का परिणाम जारी कर दिया है। भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा सात से 12 दिसंबर के बीच आयोजित हुई थी। इसमें 49538 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा के आधार पर आयोग ने 18 फरवरी को कुल 329 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा 16 मई को आयोजित की गई।
चार समूतों में बांटा गया है विज्ञान विषय की भर्ती
UPPSC LT Grade 2025 आयोग के अनुसार विज्ञान विषय की भर्ती को चार समूहों में बांटा गया है। समूह-1 में सहायक अध्यापक प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी की पुरुष और महिला शाखा शामिल है। समूह-2 में एलटी ग्रेड/विशिष्ट अध्यापक से जुड़े पद, जिसमें दृष्टिबाधित विद्यालय और समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। समूह-3 में श्रवण बाधित विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय तथा समूह-4 में प्रयास शारीरिक रूप से अक्षम विद्यालय/समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के पद शामिल हैं।
पुरुष शाखा में 660 पद रिक्त
पुरुष शाखा में 764 में केवल 104 अभ्यर्थी परिणाम के आंकड़े बताते हैं कि पुरुष शाखा में कुल 764 रिक्तियां थीं। इनके सापेक्ष केवल 104 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किए गए। यानी बड़ी संख्या में पदों के मुकाबले योग्य अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम रही। परिणामस्वरूप 660 पद रिक्त रह गए।
महिला शाखा में मात्र 25 अभ्यर्थी सफल
इसी तरह महिला शाखा में 573 पद थे, लेकिन केवल 25 अभ्यर्थी सफल हुए और 548 पद अनभरे रह गए। विशेष श्रेणी के पद भी खाली विज्ञान विषय की विशेष श्रेणी के पदों पर भी अभ्यर्थियों की कमी रही। आयोग ने बताया कि समूह-3 में चार और समूह-4 में दो रिक्तियां भी अनभरी रह गईं।
समूह-2 का अंतिम परिणाम अभी बाकी
UPPSC LT Grade 2025 आयोग के अनुसार समूह-2 के लिए मुख्य परीक्षा में दो प्रश्नपत्र निर्धारित थे, जिनमें से दूसरा प्रश्नपत्र अभी आयोजित किया जाना बाकी है। इसलिए समूह-2 का अंतिम परिणाम बाद में जारी किया जाएगा। समूह-2 का अंतिम परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और श्रेणीवार कटआफ अंक भी वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
