UPESSC ने 15012 शिक्षक पदों पर शुरू की भर्ती प्रक्रिया, सहायक अध्यापक और PGT का विज्ञापन जारी; पूरी डिटेल
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15,012 शिक्षक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें सहायक अध्यापक और पीजीटी के विज्ञापन जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयगराज।
HighLights
माध्यमिक शिक्षा विभाग में 897 सहायक अध्यापकों के लिए मांगा गया आवेदन
बेसिक शिक्षा विभाग में 11,508 सहायक अध्यापक शहरी के पदों पर होगी भर्ती
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। शिक्षक भर्ती की उम्मीद में बैठे प्रतियोगियों के लिए मंगलवार को अच्छी खबर आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने कुल 15,012 शिक्षक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी। माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती से संबंधित दो महत्वपूर्ण विज्ञापन जारी किए गए हैं।
आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार के अनुसार प्रदेश के माध्यमिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी (अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों) के 897 रिक्त पदों तथा बेसिक शिक्षा विभाग के तहत सहायक अध्यापक, शहरी के 11,508 रिक्त पदों का विज्ञापन जारी किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आयोग ने वन टाइम रजिस्ट्रेशन व्यवस्था लागू किया है। अभ्यर्थियों को ओटीआर प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद ही संबंधित पदों के लिए आवेदन करना होगा।
विज्ञापन संख्या-05/2026 के तहत सहायक अध्यापक संबद्ध प्राइमरी तथा सहायक अध्यापक, शहरी के पदों के लिए विज्ञापन मंगलवार को जारी हुआ। आनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू होगी। आनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर है, जबकि आनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इन पदों के लिए परीक्षा तीन और चार दिसंबर को होगी। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रवक्ता संवर्ग अर्थात पीजीटी के 2,607 रिक्त पदों के लिए भी विज्ञापन संख्या-06/2026 जारी किया गया है। आनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया 18 सितंबर से शुरू होगी। पीजीटी भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तथा आनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि 21 तय की गई है।
प्रवक्ता संवर्ग के पदों के लिए परीक्षा 15 और 16 दिसम्बर को कराई जाएगी। आयोग के अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से कहा है कि आवेदन करने से पूर्व आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विवरण व निर्देश भलीप्रकार पढ़ लें। पात्रता की शर्तों को भी जान लें। विज्ञापित पदों की अर्हता और पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in को देखा जा सकता है।
