विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPESSC Bharti : प्रधानाचार्य के 1475 और प्रधानाध्यापक के 1172 पदों पर भर्ती शुरू, इंटर कॉलेजों में होगी नियुक्ति

By Amlendu Tripathi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 23 Oct 2026 08:52 PM (IST)

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के 1475 पदों पर सीधी भर्ती ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज।

HighLights

  1. 22 नवंबर तक जमा होगा आवेदन शुल्क, 26 नवंबर तक संशोधन की सुविधा

  2. सात जनवरी को प्रस्तावित है परीक्षा, कुल 2647 पदों के लिए जारी हुआ विज्ञापन

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (इंटरमीडिएट स्तर) में प्रधानाचार्य के 1,475 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति (विज्ञापन संख्या- 08/2026) जारी कर दी है। इन पदों के सापेक्ष आनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की प्रक्रिया शुक्रवार, 23 अक्टूबर से शुरू हो गई है। इसीक्रम में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (हाईस्कूल स्तर) में प्रधानाध्यापक के 1,172 पदों पर भर्ती के लिए भी विज्ञापन जारी कर दिया गया है।


आयोग के अध्यक्ष डा. प्रशांत कुमार ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों (इंटरमीडिएट स्तर) में प्रधानाचार्य के विज्ञापित कुल 1,475 पदों में बालक विद्यालयों के लिए 1,318 पद तथा बालिका विद्यालयों के लिए 157 पद सम्मिलित हैं। विज्ञापित पदों के सापेक्ष आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को 'वन टाइम रजिस्ट्रेशन' की व्यवस्था का पालन करना होगा।

आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि विज्ञापन का प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया। इसी दिन यानी 23 अक्टूबर 2026 से ही आनलाइन पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अभ्यर्थियों के लिए आनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। यदि आवेदन पत्र में किसी प्रकार का सुधार करना हो, तो उसके संशोधन की अंतिम तिथि 26 नवंबर 2026 है।

परीक्षा सात जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों (हाईस्कूल स्तर) में प्रधानाध्यापक की भर्ती के लिए (विज्ञापन संख्या- 09/2026) भी आवेदन शुरू हो चुका है। विज्ञापित कुल 1,172 पदों में से बालक विद्यालयों के लिए 1,037 पद तथा बालिका विद्यालयों के लिए 135 पद निर्धारित हैं। इसके लिए भी शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर है। आवेदन पत्र में किसी प्रकार के सुधार के लिए 26 नवंबर तक का समय दिया गया है। यह परीक्षा भी सात जनवरी 2027 को प्रस्तावित है।

यह भी पढ़ें- UP TGT भर्ती का इंतजार खत्म, के 17735 पदों के लिए विज्ञापन जारी, 24 अक्टूबर से होंगे ऑनलाइन आवेदन

यह भी पढ़ें- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया प्रयागराज एक्सप्रेस के मुकाबले दोगुना होगा, टिकट बुकिंग की यात्रियों को प्रतीक्षा