यूपी शिक्षक भर्ती पैनल जारी, चयन से कठिन कार्यभार ग्रहण करने की राह, मुख्यमंत्री देंगे नियुक्ति पत्र
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षित स्नातक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्यों के चयनित अभ्यर्थियों का पैनल जारी किया है। हालांकि, ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज।
HighLights
आजमगढ़ के डीआइओएस ने पत्र लिखकर किया सचेत
मुख्यमंत्री अभ्यर्थियों को आज नियुक्ति पत्र-शुभकामना संदेश देंगे
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रशिक्षित स्नातक, प्रवक्ता और प्रधानाचार्यों के चयनित अभ्यर्थियों का पैनल जारी कर दिया है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने पत्र लिखकर मंडलीय शिक्षा निदेशक को हिदायत दी है कि चयन बोर्ड नियमावली-1998 नियम-13 (1) (दो) एवं (तीन) के अनुसार पैनल के प्राप्ति के 10 दिन के भीतर विद्यालय प्रबंधतंत्र को चयन किए गए अभ्यर्थी का नाम भेज दिया जाए।
जिलों से मिल रहीं शिकायतें
विद्यालय प्रबंधतंत्र को डाक से 15 दिन के भीतर नियुक्ति पत्र जारी करने व प्रबंधतंत्र से नियुक्ति आदेश प्राप्त करने की तिथि से 15 दिन के भीतर अभ्यर्थी विद्यालय प्रबंधक को अपनी उपस्थिति देने की व्यवस्था की जाए। बावजूद इसके जिलों से शिकायत मिल रही है कि संस्था के प्रबंधकों की ओर से कार्यभार ग्रहण कराने में रोड़े अटकाए जा रहे हैं।
शिकायत पर प्रविधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी
आजमगढ़ के जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार को तो सभी प्रबंधकों/ प्रधानाचार्यों के लिए पत्र तक जारी करना पड़ा। स्पष्ट लिखा कि शिकायत प्राप्त हो रही है कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी पैनल प्रवक्ता संवर्ग में चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण कराने के लिए संस्था प्रबंधकों की ओर से दो से तीन लाख रुपये की मांग की जा रही है। इसके क्रम में निर्देशित किया जाता है कि चयनित अभ्यर्थियों को तत्काल नियुक्तिपत्र निर्गत करते हुए कार्यभार ग्रहण कराकर सूचित करें। यदि किसी प्रबंधक के संबंध में इस तरह की शिकायत प्राप्त होती है तो इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम 1921 में निहित प्रविधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज में कितने सफल
जालौन और वाराणसी में भी शिकयतें मिली हैं। इससे पहले शिक्षा निदेशक माध्यमिक ने मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर कहा था कि चयन बोर्ड नियमावली-1998 में निहित प्रविधान के अनुसार जनपदों में आयोग से चयनित अभ्यर्थियों के आवंटित संस्था में कार्यभार ग्रहण करने की सूचना ई-मेल desecedu@gmail.com व admadhyamik@gmail.com के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराएं। उधर, चयनित करीब 1500 अभ्यर्थियों को 22 सितंबर को मुख्यमंत्री लखनऊ में नियुक्तिपत्र और शुभकामना पत्र सौपने की तैयारी में हैं। डीआइओएस प्रयागराज डॉ. संतोष कुमार राय ने बताया कि संगम नगरी में टीजीटी के 27, प्रवक्ता और प्रधानाचार्य के आठ-आठ अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। लखनऊ के समारोह में 43 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
टीजीटी के 2982, प्रवक्ता के 624 अभ्यर्थी हुए हैं सफल
शिक्षा सेवा चयन आयोग ने सहायता प्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता भर्ती 2022 के तहत 18 विषयों के 624 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया है। ये नतीजे सात जुलाई को आए थे। 28 जुलाई को प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक अर्थात टीजीटी के 14 विषयों के 2982 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इसीक्रम में 2013 में विज्ञापित प्रधानाचार्यों के पदों पर चार मंडलों के 80 पदों के लिए पैनल की घोषणा एक सप्ताह पूर्व की गई है।
