UP Snatak MLC Chunav : प्रयागराज में 51290, कौशांबी में 8781 और फतेहपुर में 1841 मतदाता बढ़े
इलाहाबाद-झांसी स्नातक विधान परिषद चुनाव में प्रयागराज मंडल के जिलों में वोटरों की संख्या में वृद्धि हुई है। प्रयागराज में ...और पढ़ें

UP Snatak MLC Chunav प्रयागराज मंडल के तीनों जिलों में पिछली बार की तुलना में मतदाता बढ़े हैं।
HighLights
प्रयागराज मंडल के तीनों जिलों में 2020 की तुलना में बढ़े मतदाता
इलाहाबाद-झांसी स्नातक विधान परिषद सदस्य चुनाव में करेंगे मतदान
प्रयागराज में लगभग दो गुना मतदाता इस बार अपने नेता का चुनाव करेंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। UP Snatak MLC Chunav इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक विधान परिषद के पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार मतदाताओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक 51290 मतदाता प्रयागराज में बढ़े हैं। वहीं कौशांबी में 8781 तो फतेहपुर में 1841 अधिक मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
प्रयागराज मतें 1,15,019 मतदाता
स्नातक एमएलसी के इस चुनाव क्षेत्र में 10 जिले आते हैं। इनमें प्रयागराज मंडल के तीन जिले प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर जनपद शामिल हैं। वर्ष 2020 में हुए स्नातक एमएलसी चुनाव के समय प्रयागराज में 63729 मतदाता थे। जबकि, इस बार इनकी संख्या 1,15,019 पहुंच गई है। यानी लगभग दो गुना मतदाता इस बार अपने नेता का चुनाव करेंगे।
कौशांबी में 20140 व फतेहपुर में 17596 मतदाता
UP Snatak MLC Chunav स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदाता बढ़ाने में कुछ यही रफ्तार कौशांबी की भी रही। इस जिले में पिछली बार 11359 मतदाता थे। जबकि, इस बार संख्या बढ़कर 20140 पहुंच गई है। इसी तरह फतेहपुर में पिछले चुनाव के समय 15755 मतदाता थे। इस बार 17596 मतदाता अपने नेता का चुनाव करेंगे।
मतदाता बढ़ने के ये हैं कारण
मतदाताओं की संख्या बढ़ने के पीछे चुनाव में राजनैतिक दलों की बढ़ी सक्रियता को माना जा रहा है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से चलाए गए मतदाता सूची पुनरीक्षण के अभियानों ने भी अपना प्रभाव दिखाया। मजबूत मतदाता सूची तैयार करने के बाद अब प्रशासन का फोकस अधिक से अधिक मतदान पर है।
संगम नगरी में 79823 पुरुष व 35196 महिला मतदाता
23 अक्टूबर को स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान होना है। इसमें प्रयागराज के 152 मतदेय स्थलों पर 79823 पुरुष और 35196 महिला मतदाता मतदान का अपना कर्तव्य निभाएंगे। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय ने बताया कि चुनाव की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 22 अक्टूबर को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।
22 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश
UP Snatak MLC Chunav स्नातक एमएलसी चुनाव में पीठासीन अधिकारी, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित करीब 900 कार्मिक लगने हैं। अलग-अलग विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई ग्ई थी। हालांकि 22 अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रशिक्षण ही नहीं लिया। डीएम ने संबंधित विभागाध्यक्षों को इनका वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
