UP MLC Chunav : प्रयागराज में दोपहर एक बजे तक 82 पोलिंग पार्टियां रवाना, 1.15 लाख मतदाता 23 अक्टूबर को करेंगे मतदान
प्रयागराज में एमएलसी चुनाव के लिए 152 पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही हैं, जिसमें से दोपहर एक बजे तक 82 ...और पढ़ें

UP MLC Chunav प्रयागराज के मेरी लूकस स्कूल में रवाना होने से पहले जुटीं पोलिंग पार्टियां। जागरण
HighLights
मेरी लूकस स्कूल से सुबह 8 बजे से रवानगी शुरू हुई, 152 हैं पोलिंग पार्टिंयां
जिले में 12 एसीपी, 40 इंस्पेक्टर सहित 1709 पुलिस कर्मियों की लगी ड्यूटी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। UP MLC Chunav इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक एमएलसी चुनाव की घड़ी आ गई है। 152 बूथों पर होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को मेरी लूकस स्कूल से पोलिंग पार्टियां सुबह आठ बजे से रवाना होनी शुरू हुईं। 23 अक्टूबर को 1,15,019 मतदाता चुनाव में मतदान करेंगे।
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक मतदान
बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कार्यालय से बैलेट बाक्स मेरी लूकस स्कूल पहुंचाए गए। इसके अलावा बस्तों की पैकिंग भी हुई। 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से लेकर शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान के बाद यहीं पर बस्ते जमा होंगे। इसी दिन बैलेट बाक्स झांसी भेजे जाएंगे। इसकी भी प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
1709 पुलिसकर्मी लगाए गए
चुनावी तैयारियों को लेकर डीएम मनीष कुमार वर्मा ने अफसरों संग बैठक कर दिशा-निर्देश दिए हैं। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1709 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। 12 एसीपी, 40 इंस्पेक्टर, 100 से अधिक दारोगा भी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा पीएसी के जवानों को भी लगाया गया है।
खास-खास
54 - मतदान केंद्र
152 - मतदेय स्थलों पर होगा मतदान
1,15,019 - मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
50 - सेक्टर मजिस्ट्रेट की लगाई गई ड्यूटी
12 - जोनल मजिस्ट्रेट करेंगे निगरानी
152 - माइक्रो आब्जर्वर लगाए गए
48 - पोलिंग पार्टी रिजर्व रखी जाएंगी।
बीमारियों के बहाने, आए चुनाव ड्यूटी कटवाने
UP MLC Chunav स्नातक एमएलसी चुनाव में लगे अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी कटवाने का जुगाड़ भी लगा रहे हैं। अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और राज्य कर विभाग के अधिकारी भी इसमें पीछे नहीं है। बीमारियों के साथ ही तरह-तरह की वजह बताई गई। डीडीओ जीपी कुशवाहा ने कहा कि जो कार्मिक ड्यूटी से अनुपस्थित रहेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
