इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सूची में 4397 डुप्लीकेट मतदाता? भाजपा ने CEO को पत्र लिखकर की शिकायत
भाजपा ने इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन सूची में 4397 डुप्लीकेट मतदाताओं की शिकायत सीईओ से की है। साथ ही कम उम्र के मतदाताओं के भी आरोप लगे हैं।

इलाहाबाद-झांसी ग्रेजुएट मतदाता सूची में फर्जी मतदाता होने का आरोप भाजपा के लोगों ने लगाया है।
HighLights
भाजपा के प्रयागराज महानगर अध्यक्ष बोले- प्रयागराज में सबसे अधिक 3163 डुप्लीकेट वोटर
आरोप लगाया गया कि स्नातक निर्वाचन में वोट करने मानक उम्र से कम के कई मतदाता हैं
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भाजपा ने इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की मदताता सूची में डुप्लीकेट मतदाताओं की शिकायत मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से की है। बताया है कि प्रकाशित की गई इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में बोगस मतदाता बनाए गए हैं। इनकी संख्या कुल 4397 है।
दो से तीन बार एक ही नाम के मतदाता?
शिकायत के अनुसार प्रभावशाली स्नातक नेताओं ने दो से तीन बार एक ही नाम के मतदाता बनाए हैं। यह भी आरोप है कि 24 वर्ष से कम आयु का कोई भी व्यक्ति स्नातक निर्वाचन में वोट करने का अधिकारी नहीं हैं लेकिन झांसी व अन्य जिलों की मतदाता सूची में कई मतदाता की उम्र बहुत कम है। इनकी जन्मतिथि वर्ष 2001, 2002, 2003, 2004 एवं 2005 है। ये सभी मतदाता किसी भी प्रकार से स्नातक चुनाव में वोट डालने की अर्हता नहीं रखते हैं। इन सब की वजह से चुनाव की सुचिता प्रभावित हो सकती है।
प्रदेश संयोजक ने दिया शिकायती पत्र
भाजपा के प्रदेश संयोजक अखिलेश कुमार अवस्ती की ओर से दिए गए शिकायती पत्र में आग्रह किया गया है कि सभी बोगस मतदाताओं के बारे में मंडलायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया जाए कि ऐसे सभी मतदाताओं को वोट डालने से रोका जाए। इसकी सूचना जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी दी जाए, जिससे 23 अक्टूबर को मतदान बिना किसी समस्या के संभव हो सके। आरओ के पास दी जाने वाली प्रथम मतदाता सूची में शामिल इन सभी फर्जी मतदाताओं को डिलीट कराने का भी आग्रह किया गया है।
नाम निरस्त किए जाने की मांग
प्रयागराज के भाजपा चुनाव संयोजक डॉ. शैलेश पांडेय ने कहा कि झांसी की सूची में अंकित मतदाता जिनकी जन्मतिथि 2002 के बाद की है, उनके नाम निरस्त किए जाने चाहिए। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्त के कहा कि प्रयागराज में 3163, कौशांबी में 320, जालौन में 179, झांसी में 178, बांदा में 140, फतेहपुर में 139, ललितपुर में 109, हमीरपुर में 81, चित्रकूट में 68, महोबा में 20 डुप्लीकेट मतदाता हैं।
