परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित, UP बेसिक शिक्षा परिषद ने जारी किया कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक आयोजित ...और पढ़ें

उप्र बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा एक से आठ तक की अर्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित किया।
HighLights
कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक होगी
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता से लेकर समय पर रिजल्ट घोषित करने तक की तैयारी
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए नवंबर का तीसरा सप्ताह परीक्षा की कसौटी लेकर आएगा। शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी।
परीक्षा की पारदर्शिता व निष्पक्षता पर जोर
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी करते हुए तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता तथा समय पर परिणाम घोषित करने पर विशेष जोर दिया गया है।
सभी बीएसए को निर्देश
परिषद ने अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के व्यवस्थित आयोजन की रूपरेखा तय की है। परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा संबंधी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं में विद्यार्थियों की कक्षा के अनुरूप परीक्षा का स्वरूप निर्धारित किया गया है। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित के साथ मौखिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
कक्षा चार व पांच की लिखित व मौसिक परीक्षा होगी
इसी तरह कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों को भी निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लिखित और मौखिक परीक्षाएं देनी होंगी। वहीं, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षाएं लिखित होंगी। परीक्षाओं में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत अथवा उर्दू, सामाजिक विषय, कला-संगीत, विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन सहित विभिन्न विषय शामिल होंगे।
मॉडल प्रश्नपत्र से लेकर वितरण तक तय होगी व्यवस्था
अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए माडल प्रश्नपत्र जनपद स्तर पर तैयार कराए जाएंगे। इसके बाद प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण कराकर संबंधित विद्यालयों तक वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले सार्वजनिक न हों। परिषद ने परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन, उनके सुरक्षित रखरखाव और परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया को भी समयबद्ध बनाने पर जोर दिया गया है।
गोपनीयता व समय परिणाम घोषित करने के निर्देश
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी ने कहा कि शैक्षिक सत्र 2026-27 की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएंगी। प्रश्नपत्रों का समय से मुद्रण और वितरण सुनिश्चित करने, गोपनीयता व समय परिणाम घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
