विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निषादों को आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा भी खाएगी धोखा, UP के कैबिनेट मंत्री डाॅ. संजय निषाद ने दिखाए तल्ख तेवर

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 20 Sep 2026 07:16 PM (IST)

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भाजपा को चेतावनी दी है कि यदि निषादों को आरक्षण नहीं ...और पढ़ें

प्रयागराज में आयोजित निषाद पार्टी के 'संवैधानिक सुरक्षा अधिकार' सम्मेलन में यूपी के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद। जागरण

प्रयागराज में आयोजित निषाद पार्टी के 'संवैधानिक सुरक्षा अधिकार' सम्मेलन में यूपी के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद। जागरण

HighLights

  1. विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेने वाले मत्स्य विभाग मंत्री ने भाजपा को ही निशाने पर लिया

  2. प्रयागराज केतेलियरगंज में निषाद पार्टी के 'संवैधानिक सुरक्षा अधिकार' सम्मेलन में बोले

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अक्सर राजनीतिक मंचों और मीडिया के कैमरों के सामने विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेने वाले सूबे के मत्स्य विभाग मंत्री व डॉ. संजय निषाद ने भाजपा को ही निशाने पर ले लिया, जिससे खुद उनकी निषाद पार्टी का समर्थन है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण मछुआरा समाज का हक है। सपा, बसपा और कांग्रेस ने निषादों के साथ धोखा किया। वोट तो लिया लेकिन हक नहीं दिया। भाजपा ने आरक्षण नहीं दिया तो वह भी धोखा खाएगी।

सम्मेलन में कई जिलों से आए लोग 

डॉ. संजय निषाद रविवार को प्रयागराज के तेलियरगंज स्थित नार्दन रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलाजी के मैदान में आयोजित 'संवैधानिक सुरक्षा अधिकार' सम्मेलन में बोल रहे थे। निषाद पार्टी की ओर से आयोजित सम्मेलन में प्रयागराज के अलावा कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट और बांदा जिले के हजारों की संख्या में नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता सत्ताधारी दल व विरोधियों को एकता का अहसास कराने के लिए एकजुट हुए।

आरक्षण निषादों का हक बताया 

उन्होंने कहा कि मछुआ समाज ने हाथी का बटन दबाया, पंजा दबाया, कमल दबाया फिर भी नौकरी नहीं मिली। आरक्षण निषादाें का हक है। वोट सभी ने लिया लेकिन यह अधिकार नहीं दिया। भाजपा के साथ हुए समझौते में यह शामिल था। भाजपा को पूरा वोट दिया और अब पूरा हिस्सा चाहिए। उन्होंने कहा कि निषादों की नहीं सुनेंगे तो बड़ा आंदोलन होगा। जरूरत पड़ी तो विधानसभा घेरी जाएगी। निषाद झुकने वाला नहीं है, बल्कि झुकाने वाला है।

बोले- पार्टी की मजबूती से राजनीतिक दलों में हलचल

बोले कि निषाद न मछली मांगने वाला है और न टिकट। यह तो मछली भी मार कर लेता है और टिकट भी मार कर लेगा।  कहा कि सपा, बसपा और भाजपा वाले दरवाजे पर आएं तो कहना ‘जय निषादराज’। निषाद पार्टी की मजबूती से राजनीतिक दलों में हलचल मची है। इसे कमजोर करने के लिए दलालों को खड़ा किया जा रहा है।

करछना विधायक के लिए मांगी सदबुद्धि

मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि करछना की सीट निषाद पार्टी ने जितवाई और पहली बार इस सीट से निषाद के बेटे को विधानसभा भेजा। करछना विधायक को सम्मेलन का न्योता दिया था लेकिन वह नहीं आए। मंत्री ने कहा कि भगवान इन्हें सदबुद्धि दें।

यह भी पढ़ें- NDA के पांच दल मजबूत मुट्ठी की तरह हैं, 2027 का रण जरूर जीतेंगे : अनुप्रिया पटेल का प्रयागराज में दावा 

यह भी पढ़ें- यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कानपुर-आगरा समेत प्रदेश के 35 IPS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, ये रही पूरी लिस्ट