विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी शिक्षक भर्ती में बिना TET अभ्यर्थियों को मौका देने पर उठे सवाल, अनुच्छेद 14 के उल्लंघन का आरोप

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:34 PM (IST)

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 17,735 सहायक अध्यापक पदों के लिए आवेदन मांगे हैं, जिसमें बिना टेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है। 

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 17,735 सहायक अध्यापक पदों पर भर्ती के लिए आवेदन।

  2. बिना टेट अभ्यर्थियों को शामिल करने पर संवैधानिक सवाल।

  3. प्रतियोगी छात्र भर्ती प्रक्रिया को न्यायालय में चुनौती देंगे।

राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 17,735 प्रशिक्षित स्नातक सहायक अध्यापक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा है। अंतिम तिथि 28 नवंबर है। 24 अक्टूबर से अभ्यर्थी आवेदन कर रहे हैं। आवेदन में संशोधन 30 नवंबर तक संभव है। प्रस्तावित परीक्षा तिथि 23 और 24 दिसंबर है।

इस भर्ती के विज्ञापन में बिना वैधानिक शक्ति के माध्यमिक शिक्षा विभाग और शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बिना टेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया का हिस्सा बना दिया है, हालांकि उन्हें 30 जून 2027 तक उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) का टेट उत्तीर्ण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा।

वैधानिक रूप से बिना टेट अभ्यर्थियों को शामिल करने को संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार) का उल्लंघन माना जा रहा है। एक चयन प्रक्रिया में दो असमान शैक्षिक स्तर के अभ्यर्थियों को अवसर दिए जाने से बहुत से अभ्यर्थी असंतुष्ट हैं। उनका कहना है कि भर्ती की जल्दबाजी में विधिक प्रविधानों को दरकिनार किया गया है। प्रकरण को न्यायालय के समक्ष ले जाने की तैयारी चल रही है, जिससे बिना टेट के अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा सके।

प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि माध्यमिक शिक्षा विभाग और शिक्षा सेवा चयन आयोग को पहले यूपी टेट परीक्षा करानी चाहिए थी, उसके बाद जो अभ्यर्थी सफल होते उन्हें सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम) भर्ती परीक्षा में शामिल होने का मौका देना चाहिए था। वर्तमान में बिना टेट वाले अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल करना वैधानिक तौर पर शून्य और अवैध है।

शिक्षा सेवा चयन आयोग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के पास बिना टेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को भर्ती व चयन प्रक्रिया में शामिल करने की वैधानिक शक्ति नहीं है। यह शक्ति सिर्फ एनसीटीई के पास है। 12 नवंबर 2014 के गजट अधिसूचना के विनियम-पांच (ढील देने की शक्ति में) में स्पष्ट कर दिया था कि स्तर तीन के अध्यापकों (कक्षा एक से आठ) की नियुक्ति के लिए पहली अनुसूची में यथानिर्दिष्ट न्यूनतम योग्यताओं के संबंध में विनियमों के अधीन कोई ढील नहीं दी जाएगी।

टीईटी की अनिवार्य योग्यता आरटीई अधिनियम, 2009 के प्रविधानों के अनुसार निर्धारित थी। इसे सर्वोच्च न्यायालय की ओर से एक सितंबर 2025 को वाद संख्या 1385/2025 में पारित आदेश में भी संवैधानिक तौर पर आवश्यक बताया गया है। संवैधानिक आवश्यकता में ढील देने का अधिकार और वैधानिक शक्ति, आयोग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के पास नहीं है।

यह भी पढ़ें- यूपीपीएससी ने जारी किए आठ साल पुराने स्क्रीनिंग परीक्षा के कटऑफ और प्राप्तांक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।