यूपीपीएससी ने जारी किए आठ साल पुराने स्क्रीनिंग परीक्षा के कटऑफ और प्राप्तांक
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने आठ साल पहले हुई विभिन्न सीधी भर्ती और प्रवक्ता पदों की स्क्रीनिंग परीक्षा के कटऑफ और प्राप्तांक जारी कर दिए हैं।

HighLights
यूपीपीएससी ने आठ साल पुराने परिणाम जारी किए।
स्क्रीनिंग परीक्षा के कटऑफ और प्राप्तांक उपलब्ध।
अभ्यर्थी 18 मई तक वेबसाइट पर देख सकेंगे।
राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने विभिन्न सीधी भर्ती और प्रवक्ता पदों की स्क्रीनिंग परीक्षा एवं साक्षात्कार से संबंधित प्राप्तांक और कटआफ अंक जारी कर दिए हैं।
अभ्यर्थी 18 मई तक आयोग की वेबसाइट पर अपने अंक और कटआफ देख सकेंगे। आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार वर्ष 2017-18 की प्रवक्ता, राजकीय डिग्री कालेज स्क्रीनिंग परीक्षा का कटआफ और प्राप्तांक आठ साल बाद जारी हुआ है।
प्रवक्ता के जिन पदों के लिए प्राप्तांक और कटआफ जारी किए गए हैं, उनमें उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के तहत प्रवक्ता संगीत वाद्य (तबला) और प्रवक्ता संगीत वाद्य (सितार) के पद शामिल हैं।
इसके अलावा संस्कृति निदेशालय उत्तर प्रदेश के सहायक निदेशक (जनरल परफार्मिंग आर्ट्स) तथा उत्तर प्रदेश संग्रहालय निदेशालय के सहायक निदेशक (पुरातत्व), सहायक निदेशक (आर्ट वेयर) और संग्रहालयाध्यक्ष पदों के साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थियों के अंक भी उपलब्ध कराए गए हैं।
संबंधित स्क्रीनिंग परीक्षा और सीधी भर्ती परिणामों के संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।