विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमेश पाल हत्याकांड में पांच लाख का इनामी शार्प शूटर अरमान बिहार से लाया जाएगा, प्रयागराज जिला अदालत में 5 अक्टूबर को पेशी होगी

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 03 Oct 2026 09:20 PM (IST)

उमेश पाल हत्याकांड के वांछित पांच लाख के इनामी शूटर अरमान बिहारी को बिहार से प्रयागराज लाया जाएगा। 5 अक्टूबर को उसे जिला अदालत में पेश किया जाएगा।

उमेश पाल हत्याकांड का आरोपित अरमान बिहारी।

उमेश पाल हत्याकांड का आरोपित अरमान बिहारी।

HighLights

  1. गया की अदालत से धूमनगंज पुलिस ने बनवाया ट्रांजिट रिमांड

  2. तीन साल से पुलिस अभियुक्त की तलाश करने का दावा करती रही

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रदेश के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में वांछित पांच लाख के इनामी शूटर अरमान बिहारी को अब बिहार से प्रयागराज लाया जाएगा। बिहार के गया जिले की जेल में निरुद्ध अरमान बिहारी का ट्रांजिट रिमांड धूमनगंज पुलिस ने बनवा लिया है। उसे सोमवार को यहां लाकर जिला अदालत में पेश करते हुए हत्याकांड में रिमांड बनवाया जाएगा। शूटर को लाने के लिए पुलिस की एक टीम बिहार में है।

धूमनगंज थाना क्षेत्र के जयंतीपुर मोहल्ले में 24 फरवरी 2023 की शाम विधायक राजूपाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली, बम मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश की पत्नी जया की तहरीर पर पुलिस ने माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, बीवी शाइस्ता समेत कई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

अतीक का बेटा असद, शूटर गुलाम, उस्मान चौधरी समेत चार अभियुक्त पुलिस व एसटीएफ की मुठभेड़ में मारे गए। माफिया अतीक को गुजरात के साबरमती, बरेली से अशरफ को लाया गया। पुलिस अभिरक्षा में दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गिरफ्तारी न होने पर शूटर अरमान बिहारी, साबिर, बमबाज गुड्डू मुस्लिम पर पांच-पांच और अतीक की बीवी शाइस्ता पर 50 हजार, भयाहू जैनब और बहन आयशा पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है।

पुलिस तीन साल से उसकी तलाश करने का दावा करती रही। मुकदमे की विवेचना के दौरान पता चला कि हत्याकांड के कुछ दिन बाद ही शूटर अरमान बिहार भागा और एक मुकदमे में कोर्ट में सरेंडर करके जेल चला गया था।

तीन पहले धूमनगंज पुलिस की एक टीम गया जेल पहुंची और अरमान की पहचान करते हुए कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की। 30 सितंबर को प्रथम श्रेणी दंडाधिकारी सौरभ कुमार ने अरमान के आवेदन को खारिज करते हुए प्रयागराज पुलिस के आवेदन को मंजूरी दी। अरमान के वकील ललित कुमार गुप्ता ने कहा कि वह सिविल लाइंस थाने के एक मुकदमे में जेल में बंद है।

अरमान पर गया के विभिन्न मुकदमे में ट्रायल चल रहा है। कोर्ट ने एक अक्टूबर को उसे ट्रांजिट पर जाने की अनुमति दी है। यहां पांच अक्टूबर को उमेश पाल हत्याकांड में सुनवाई है, जिसमें अरमान को पेश किया जाएगा। एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था डा. अजय पाल शर्मा ने बताया अभियुक्त अरमान का ट्रांजिट रिमांड बनवाया गया है। कोर्ट ने उसे तलब किया है। सोमवार को पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Prayagraj : विधि विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक शर्मा विवादों के बीच निलंबित, स्टेशन छोड़ने पर रोक

यह भी पढ़ें- पानी टंकी पर चढ़ने वाली महिला समेत 54 लोगों पर मुकदमा, ऐसे माहौल खराब करने वालों पर पहली बार प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई