विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानी टंकी पर चढ़ने वाली महिला समेत 54 लोगों पर मुकदमा, ऐसे माहौल खराब करने वालों पर पहली बार प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई

By Tara Gupta Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 03 Oct 2026 08:37 PM (IST)

प्रयागराज में पानी की टंकी पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने और यातायात बाधित करने के मामले में महिला समेत ...और पढ़ें

प्रयागराज में पानी टंकी पर चढ़ कर महिला के हंगामा करने के दौरान जुटी भीड़। जागरण आर्काइव

प्रयागराज में पानी टंकी पर चढ़ कर महिला के हंगामा करने के दौरान जुटी भीड़। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. पुलिस का मोबाइल टॉवर व पानी टंकी पर चढ़कर माहौल खराब करने वालों पर शिकंजा

  2. प्रतापगढ़ की तर्ज पर पहली बार प्रयागराज में पुलिस की ओर से लिखी गई है एफआईआर

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कभी मोबाइल टॉवर पर तो कहीं पानी की टंकी पर चढ़कर माहौल को खराब करने वालों के विरुद्ध आखिरकार कानूनी शिकंजा कसा जाने लगा है। सिविल लाइंस में शुक्रवार सुबह हाई कोर्ट मंदिर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ने, आत्महत्या की धमकी देने के मामले में टीपी नगर मुंडेरा निवासी पूनम दुबे, उसके बेटे प्रियांशु, हिमांशु, दिव्यांशु और 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।

चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज 

चौकी प्रभारी धरना स्थल मयंकधर द्विवेदी की तहरीर पर एफआईआर दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रयागराज में ऐसी कार्रवाई प्रतापगढ़ की तर्ज पर पहली बार हुई है।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे पूनम दुबे पानी की टंकी पर चढ़ गई थी।

महिला का क्या था आरोप?

उसका आरोप था कि भगवतपुर के मंदर गांव में हनुमान मंदिर को बनाने का काम किया जा रहा है। मंदिर के दो तरफ बाउंड्री की जा चुकी है, लेकिन कुछ हिस्से में बाउंड्री नहीं बनाई गई। बल्कि उस तरफ से सड़क बनाई जा रही है। इससे कुछ लोगों को लाभ हो रहा है। सड़क का निर्माण रुकवाने और मंदिर के चारों ओर बाउंड्री बनाने की मांग को लेकर वह 17 घंटे तक पानी की टंकी पर चढ़ी रही। इस दौरान कुछ करीबियों और समर्थकों ने राहगीरों से मारपीट भी की थी।

आत्महत्या की धमकी दी थी 

एफआईआर में आरोप लगाया गया कि एकलव्य चौराहे के आगे बैरियर लगाकर महिला और पुरुष ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन अवरुद्ध हो गया। पानी की टंकी पर चढ़ी पूनम दुबे एसडीएम सदर को गाली और धमकी देती रही। यह भी कहती रही कि पक्की सड़क का निर्माण नहीं रोका तो वह आत्महत्या कर लेगी।

महिला के बेटों समेत अन्य पर उकसाने का आरोप 

जाम लगाने वालों में पूनम के बेटे प्रियांशु, हिमांशु, दिव्यांशु और पड़ोस, गांव के भी तमाम लोग थे। वह सभी पूनम को आत्महत्या के लिए उकसाते रहे। इस पर पूनम पुलिस-प्रशासन को बार-बार धमकी देती रही। जाम के कारण कई एंबुलेंस फंसी और राहगीरों को काफी परेशानी हुई। लोगों के उपद्रव से अराजकता व्याप्त हो गई थी। फिलहाल इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई जा रही है।

कभी टावर तो कहीं टंकी पर चढ़ रहे लोग

समोसे के विवाद में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जमीन विवाद में महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। प्रेम प्रसंग में एक युवक टावर पर चढ़ा तो एक महिला शौहर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए भी टंकी पर घंटों हंगामा किया। यह सिलसिला लंबे समय से चला आ रहा है। सिविल लाइंस, एयरपोर्ट, जार्जटाउन, फाफामऊ, सोरांव, कोरांव, मऊआइमा समेत कई जगह इस तरह की घटना हुई, जो धीरे-धीरे ट्रेंड बन गया। सिविल लाइंस वाले में एफआइआर के बाद कहा जा रहा है कि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सकेगा।

यह भी पढ़ें- UP की महिला शिक्षकों को तो जिउतिया व्रत का विशेष अवकाश, अनदेखी पर रसोइयों में टीस; व्रत रख मध्याह्न भोजन बनाना पड़ा

यह भी पढ़ें- बेरोजगारी व बिजनेस में मंदी जैसे बहाने नहीं चलेंगे, पत्नी को गुजारा-भत्ता देने से पति बच नहीं सकता; इलाहाबाद HC का आदेश