विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरमान को गया से प्रयागराज लाई पुलिस, आज जिला कोर्ट में होगी पेशी

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:33 AM (IST)

उमेश पाल हत्याकांड के पांच लाख के इनामी शूटर अरमान बिहारी को पुलिस रविवार देर रात गया जेल से प्रयागराज ...और पढ़ें

उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी शूटर अरमान। (तस्वीर- फाइल)

उमेश पाल हत्याकांड का आरोपी शूटर अरमान। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. इनामी शूटर अरमान बिहारी को गया से प्रयागराज लाया गया।

  2. उमेश पाल हत्याकांड: अरमान पर पांच लाख का इनाम था।

  3. उसे सोमवार को जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधायक राजू पाल की हत्या के गवाह अधिवक्ता उमेश पाल की तीन वर्ष पहले सुलेमसराय में हुई हत्या के मामले में फरार पांच लाख के इनामी अरमान बिहारी को पुलिस रविवार देर रात गया जेल से यहां ले गई।

कड़ी सुरक्षा के बीच उसे प्रिजन वैन से लाया गया। उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार पुलिस भी थी। उसे पुलिस लाइन में रखा गया। सोमवार को जिला न्यायालय में पेश किया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक अब उसका अगला ठिकाना नैनी जेल में होगा। इसे लेकर जेल में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। वजह यह है कि यहां पहले से माफिया अतीक अहमद के आधा दर्जन से अधिक गुर्गे बंद हैं।

बिहार के गया का रहने वाला अरमान बिहारी अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या के बाद फरवरी 2023 से फरार है। उस पर पांच लाख का इनाम घोषित है। उसकी तलाश में एसटीएफ भी लगी थी।

इधर कुछ दिन पहले पुलिस को पता चला कि वह गया जेल में बंद है। इसके बाद उसे यहां से लाने की प्रक्रिया शुरू हुई। रविवार शाम करीब सात बजे ट्रांजिट रिमांड की कापी मिलने के बाद प्रयागराज से गई पुलिस ने अरमान बिहारी को अपनी कस्टडी में लिया। प्रिजन वैन सीधे पुलिस लाइंस में दाखिल हुई। यहां एक कमरे में उसे रखा गया है।

गुड्डू मुस्लिम के साथ फायरिंग करते नजर आया था अरमान

सुलेमसराय में 24 फरवरी 2023 को दिनदहाड़े अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की गोली और बम मारकर हत्या की गई थी। पुलिस ने उस समय सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला तो एक बाइक सवार नजर आया था।

उसका नाम अरमान बिहारी था, जो माफिया अतीक अहमद गैंग का शूटर है। इसी बाइक पर पीछे बमबाज गुड्डू मुस्लिम बैठा था। गुड्डू मुस्लिम ने जहां बमबाजी की थी, वहीं अरमान ने गोलियां चलाईं थीं। हत्या करने के बाद अरमान के साथ गुड्डू मुस्लिम बाइक पर सवार होकर भाग निकले थे।

माफिया की पत्नी समेत कई का अब तक पता नहीं

माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन, देवरानी, बमबाज गुड्डू मुस्लिम, शूटर साबिर समेत कई आरोपितों का आज तक पुलिस पता नहीं लगा सकी है। इन सभी पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है।

सभी की तलाश में प्रयागराज पुलिस के साथ ही एसटीएफ ने दिल्ली, मुंबई, गोवा, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में दबिश दी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

अरमान उमेश पाल की हत्या के बाद बिहार में दर्ज एक मामले में वहां की न्यायालय में हाजिर हो गया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। वह अपनी जमानत भी नहीं करवा रहा था, क्योंकि उत्तर प्रदेश पुलिस उसे खोज रही थी।

यह भी पढ़ें- हाथरस में अतीक अहमद के पूर्व रसोइए ने कब्जाई 25 लाख की जमीन, 8 महीने से टाल रही पुलिस; अब SP से शिकायत