सूबेदारगंज स्टेशन पर बनेंगे दो नए प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज का भी होगा निर्माण; यात्रियों को होगी सुविधा
सूबेदारगंज स्टेशन पर महाकुंभ 2031 की तैयारियों के तहत दो नए प्लेटफॉर्म और एक फुट ओवर ब्रिज बनाया जा रहा ...और पढ़ें

सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन। जागरण आर्काइव
HighLights
महाकुंभ 2031 की तैयारी शुरू, जंक्शन पर घटेगा ट्रेनों का दबाव
सूबेदारगंज में छह से बढ़कर आठ हो जाएगी प्लेटफार्मों की संख्या
स्टेशन पर ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव को ट्रैक नेटवर्क की री-माडलिंग
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेल मार्ग पर स्थित प्रयागराज जंक्शन के सेटेलाइट स्टेशन सूबेदारगंज स्टेशन पर ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव और यात्रियों की सुगमता के लिए ट्रैक नेटवर्क की री-माडलिंग शुरू हो गई है। कुंभ 2031 की कार्ययोजना के तहत यहां दो नए प्लेटफार्म और दिल्ली छोर पर एक नया फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) बनाया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पर प्लेटफार्मों की कुल संख्या छह से बढ़कर आठ हो जाएगी।
सभी आठों प्लेटफार्म एक सीध में आ जाएंगे
यार्ड री-माडलिंग के तहत वर्तमान लाइन नंबर दो और तीन को पूरी तरह हटा दिया जाएगा। इनकी जगह नए प्लेटफार्म नंबर छह और सात आकार लेंगे। वहीं, वर्तमान में जीटी रोड (सुलेमसराय) की तरफ स्थित प्लेटफार्म नंबर छह को भविष्य में प्लेटफार्म नंबर आठ का रूप दिया जाएगा। इसके बाद सभी आठों प्लेटफार्म एक सीध में आ जाएंगे, जिन्हें नए एफओबी से सीधे जोड़ा जाएगा। सुलेमसराय की तरफ से आने वाले यात्रियों को सीधे प्लेटफार्म नंबर आठ की ओर से सहज प्रवेश मिल सकेगा।
अत्याधुनिक ‘मल्टी-फंक्शनल कांप्लेक्स’ बन रहा स्टेशन
सूबेदारगंज को एक अत्याधुनिक ‘मल्टी-फंक्शनल कांप्लेक्स’ के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन की नई बिल्डिंग बनकर पहले ही तैयार हो चुकी है। इस विस्तार के बाद यह स्टेशन कानपुर-दिल्ली रूट की ट्रेनों के लिए प्रमुख टर्मिनल बनेगा, जिससे मुख्य प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों का दबाव काफी कम होगा।
यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक बनेगा
उत्तर मध्य रेलवे (प्रयागराज मंडल) के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि कुंभ 2031 को देखते हुए सूबेदारगंज में यात्री सुविधाएं और बुनियादी ढांचा मजबूत किया जा रहा है। नए प्लेटफार्म और एफओबी बनने से यहां से ट्रेनों के संचालन में विस्तार होगा और यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक बनेगा।
