सपा नेता व पूर्व प्रधान की सरेशाम गोली मारकर हत्या, प्रयागराज में बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सपा के जिला सचिव और पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर ...और पढ़ें

प्रयागराज के हंडिया में गोली लगने के बाद लहूलुहान पूर्व प्रधान व सपा नेता पवन यादव को अस्पताल ले जाते लोग। जागरण
HighLights
पिलर नंबर 52 के पास घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मुगराव गांव के पूर्व प्रधान पवन यादव सपा के जिला सचिव भी थे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार में हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ी वारदात हुई। बेखौफ बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के जिला सचिव व पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह हत्याकांड को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई।
कत्ल किसने और किस कारण से किया, यह साफ नहीं हो सका है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस हत्यारोपितों के बारे में पता लगा रही है। उधर, पवन की मौत से परिवार में मातम और करीबियों में गम व गुस्सा छा गया है।
बताया गया कि हंडिया थाना क्षेत्र के मुगराव गांव निवासी पूर्व प्रधान पवन यादव मंगलवार शाम पिलर नंबर 52 के पास कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से तीन बदमाश वहां पहुंचे। दो ने हेलमेट लगा रखा था। एक बदमाश ने पवन यादव पर फायर झोंक दिया। पीठ में गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े तो हमलावर भाग निकले।
घटना से अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन जख्मी पवन को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसका पता चलते ही करीबी हतप्रभ रह गए। हंडिया इंस्पेक्टर ओम प्रकाश का कहना है कि पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या की गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। अभी कारण साफ नहीं है।
