RRC Prayagraj ग्रुप-डी भर्ती 2024: दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल टेस्ट 26 अक्टूबर से, विस्तृत कार्यक्रम जारी
आरआरसी प्रयागराज ने ग्रुप-डी भर्ती 2024 के लिए दस्तावेज सत्यापन (डीवी) और चिकित्सा परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) का आधिकारिक नोटिस जारी ...और पढ़ें

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज।
HighLights
एनसीआर में लेवल-एक के तहत विभिन्न पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया
पीईटी 25 जुलाई से 31 जुलाई तक डीएसए ग्राउंड में हुई थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में लेवल-एक (ग्रुप-डी भर्ती 2024, सीईएन सं. 08/2024) के तहत विभिन्न पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज ने दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन- डीवी) और चिकित्सा परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) का आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) और उसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों के लिए यह चरण 26 अक्टूबर 2026 से आयोजित किया जाएगा।
प्रयागराज में संपन्न हुई थी शारीरिक दक्षता परीक्षा
उत्तर मध्य रेलवे के तहत आयोजित इस भर्ती अभियान के प्रथम चरण में सफल रहे 3,736 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा 25 जुलाई से 31 जुलाई 2026 के मध्य डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में कराई गई थी। पीईटी में सफलता प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को अब चयन प्रक्रिया के अंतिम व महत्वपूर्ण पड़ाव यानी दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच में शामिल होना है।
डीवी का स्थान और विस्तृत कार्यक्रम
आरआरसी प्रयागराज द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन का कार्य रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ कार्यालय (नवाब यूसुफ रोड, बाल्मीकि चौराहा, सिविल लाइन्स, प्रयागराज) में संपन्न होगा। भर्ती प्रकोष्ठ ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत कार्यक्रम और वर्ग-वार (समुदायवार) कट-ऑफ अंक जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
अगले कार्य दिवस पर होगा चिकित्सा परीक्षण
दस्तावेज सत्यापन में सफल रहने वाले अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण उनके डीवी के ठीक अगले कार्य दिवस पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे के अधीन नामित मंडल चिकित्सालयों—प्रयागराज, कानपुर, आगरा और झांसी को केंद्र बनाया गया है। रेलवे प्रशासन ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से आगाह किया है कि वे सत्यापन व मेडिकल जांच के लिए कम से कम 2 से 4 दिनों की अपनी निजी व्यवस्था और तैयारी के साथ उपस्थित हों।
कब डाउनलोड कर सकेंगे ई-कॉल लेटर
शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थी अपने निर्धारित दस्तावेज सत्यापन की तारीख से 5 दिन पहले आरआरसी प्रयागराज की वेबसाइट (www.rrcpryj.org) से ई-कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस और ईमेल आईडी पर भी शिड्यूल की जानकारी प्रेषित की जाएगी।
मूल दस्तावेज रखने होंगे अनिवार्य
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता, जन्मतिथि तथा श्रेणी/समुदाय से संबंधित प्रमाण-पत्र भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप में तैयार रखें। डीवी के समय ऑनलाइन आवेदन में भरी गई जानकारियों का मिलान मूल दस्तावेजों से किया जाएगा। किसी भी प्रकार की विसंगति पाए जाने पर उम्मीदवारी तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएगी।
कुल 32,438 पदों पर भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 32,438 रिक्त पदों को भरा जाना है, जिसमें अकेले प्रयागराज मंडल में 2,020 पद शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक 821 पद ट्रैक मैन के हैं, जबकि शेष पदों में असिस्टेंट (एस एंड टी), वर्कशॉप, ब्रिज, कैरिज एंड वैगन, लोको शेड, प्वाइंट्समैन आदि पद शामिल हैं। आरआरसी ने अभ्यर्थियों को दलालों और फर्जी जॉब रैकेटरों से पूरी तरह सतर्क रहने की हिदायत भी दी है।
