रेलवे ने बढ़ाईं टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के पदों की संख्या, अब 7002 पदों पर होगी भर्ती; अभ्यर्थियों को राहत
रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के पदों की संख्या 6,234 से बढ़ाकर 7,002 कर दी है। इससे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन भर्ती 2026 के पदों को बढ़ा दिया है।
HighLights
विभिन्न जोनल रेलवे की मांग के बाद पदों की संख्या में हुई वृद्धि
पूर्व में 6,234 पदों पर निकाली गई थी भर्ती, अब 768 पद और बढ़े
वेल्डर, कैरिज एंड वैगन और फिटर ट्रेड के पदों में हुआ संशोधन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन भर्ती 2026 में पदों की संख्या में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। जोनल रेलवे से प्राप्त अतिरिक्त मांग की समीक्षा के बाद टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के कुल पदों को 6,234 से बढ़ाकर अब 7,002 कर दिया गया है।
6,234 पदों पर भर्ती निकाली थी
टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के अंतर्गत कैटिगरी संख्या पांच, 12 और 15 में यह बढ़ोतरी की गई है। इसमें वेल्डर (ओएल), कैरिज एंड वैगन और फिटर (ओएल) के पद शामिल हैं। 30 जून 2026 को जारी विज्ञापन में टेक्नीशियन ग्रेड-एक (सिग्नल) के 323 और टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के 6,234 पदों पर भर्ती निकाली थी।
अन्य भर्ती बोर्डों की रिक्तियां पूर्ववत रहेंगी
अब संशोधित रिक्ति सूची के अनुसार चंडीगढ़, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, मुंबई, कोलकाता, गुवाहाटी, सिलीगुड़ी, बिलासपुर, सिकंदराबाद, रांची और बेंगलुरु भर्ती बोर्ड के तहत आने वाले विभिन्न जोनों में सीटें बढ़ाई गई हैं। अन्य भर्ती बोर्डों की रिक्तियां पूर्ववत रहेंगी। इसके अलावा विज्ञापन के अन्य सभी नियम एवं शर्तें अपरिवर्तित रहेंगी।
