रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1250 पदों पर भर्ती की तैयारी, 27 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन
रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के 1250 पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक नोटिस जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1250 पद रिक्त।
आवेदन 27 अक्टूबर 2026 से 25 नवंबर 2026 तक।
आधार विवरण 10वीं प्रमाणपत्र से मेल खाना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती के लिए केंद्रीकृत रोजगार सूचना (सीईएन संख्या 08/2026) का सांकेतिक नोटिस जारी किया है। इसके तहत देश भर के विभिन्न रेलवे भर्ती बोर्डों में स्टेशन मास्टर के लगभग 1250 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर केवल ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकेंगे।
25 नवंबर तक मिलेंगे आवेदन के अवसर
जारी सांकेतिक कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की संभावित शुरुआत 27 अक्टूबर 2026 से होगी। वहीं, आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक (संभावित) तय की गई है। यह पद 7वें वेतन आयोग के तहत पे-लेवल छह का है।
उम्र सीमा और पात्रता का निर्धारण
बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थियों की आयु सीमा की गणना 01 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम व अधिकतम आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और चिकित्सीय मानक (मेडिकल स्टैंडर्ड) की विस्तृत शर्तें जल्द ही जारी होने वाले विस्तृत भर्ती विज्ञापन में स्पष्ट की जाएंगी।
आधार सत्यापन को लेकर जारी हुई सख्त सलाह
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में होने वाली विस्तृत जांच और किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए वे ऑनलाइन आवेदन भरते समय 'आधार कार्ड' से प्राथमिक विवरणों का सत्यापन अवश्य करें। गैर-आधार सत्यापित आवेदनों को गहन जांच से गुजरना पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- ट्रेन या स्टेशन पर मोबाइल स्पीकर पर गाना बजाया... या की तेज बात, तो 1000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की कैद
10वीं के प्रमाणपत्र से मेल खाना चाहिए आधार का विवरण
सफल आधार सत्यापन के लिए बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार का नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि आधार कार्ड में 10वीं (हाईस्कूल) के प्रमाणपत्र से शत-प्रतिशत मेल खानी चाहिए। जिन अभ्यर्थियों के आधार विवरण में कोई विसंगति है, उन्हें फॉर्म भरने से पहले आधार में सुधार कराने और नवीनतम फोटो व बायोमेट्रिक्स (उंगलियों के निशान और आईरिस) अपडेट कराने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे किसी भी अनाधिकृत स्रोत या भ्रामक सूचनाओं पर भरोसा न करें और विस्तृत अधिसूचना व आगे के अपडेट के लिए केवल रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर ही नजर रखें।
यह भी पढ़ें- सावधान! पटरी पर दो मिनट का शॉर्टकट सीधे पहुंचाएगा जेल, अब तक सलाखों के पीछे 1188 लोग
