रेलवे 35 हजार से अधिक पदों पर करेगा बंपर भर्ती, जल्द जारी होंगे विज्ञापन; युवाओं के लिए सुनहरा अवसर
रेलवे भर्ती बोर्ड 35 हजार से अधिक पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। अक्टूबर से दिसंबर ...और पढ़ें

आरआरबी युवाओं के लिए 35 हजार पदों पर भर्ती करेगा।
HighLights
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) विभिन्न संवर्गों में शुरू करेगा भर्ती प्रक्रिया
अक्टूबर से दिसंबर के बीच आधिकारिक अधिसूचनाएं जारी की जाएंगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना संजोए लाखों अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने विभिन्न संवर्गों में 35 हजार से अधिक रिक्त पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। आगामी अक्टूबर से दिसंबर के बीच सिलसिलेवार आधिकारिक अधिसूचनाएं जारी की जाएंगी। इसमें नान-टेक्निकल पापुलर कैटेगरीज (एनटीपीसी) और ग्रुप-डी (लेवल-एक) से लेकर मिनिस्ट्रियल संवर्ग तक के पद शामिल हैं।
अक्टूबर में आएंगे एनटीपीसी के दो बड़े विज्ञापन
प्रक्रिया की शुरुआत अक्टूबर के पहले पखवाड़े से होने जा रही है। एनटीपीसी (06/2026) भर्ती के तहत 3,477 पदों को भरा जाएगा। इसका विज्ञापन छह या सात अक्टूबर तक जारी होने की संभावना है।इसके लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य होगी। वहीं ,एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट (07/2026) भर्ती यानी 12वीं (इंटरमीडिएट) पास युवाओं के लिए 1,688 पदों का नोटिफिकेशन 13 या 14 अक्टूबर तक निकाला जा सकता है। यानी अक्टूबर के पहले पखवारे में विज्ञापन हर हाल में आ जाएगा।
नवंबर-दिसंबर में ग्रुप-डी की बड़ी भर्ती
साल के अंत तक रेलवे में सबसे बड़े पैमाने पर चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की बहाली की जाएगी। लेवल-एक ग्रुप-डी ( 09/2026) के इस संवर्ग में लगभग 30,000 पदों पर भर्ती आने का अनुमान है। इसके लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास या संबंधित ट्रेड में आईटीआई होगी।
जबकि मिनिस्ट्रियल एवं आइसोलेटेड कैटेगरीज (08/2026) भर्ती (नवंबर-दिसंबर) में 300 से अधिक पदों के लिए अलग से विज्ञापन निकाला जाएगा।
एक नज़र में आगामी भर्तियां
- श्रेणी / पद का नाम - संभावित पद - संभावित विज्ञापन तिथि - न्यूनतम योग्यता -
- एनटीपीसी ग्रेजुएट - 3,477 - 06 या 07 अक्टूबर - स्नातक (ग्रेजुएशन) -
- एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट - 1,688 - 13 या 14 अक्टूबर - 12वीं पास -
- मिनिस्ट्रियल एवं आइसोलेटेड - 300 - नवंबर / दिसंबर - पद के अनुसार विशिष्ट -
- लेवल-एक (ग्रुप-डी) - 30,000 - नवंबर / दिसंबर - 10वीं पास / आइटीआइ -
- कुल संभावित पद - 35,465
आयु सीमा एवं छूट के प्रावधान
विभिन्न पदों के लिए सामान्य वर्ग की न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष और अधिकतम 30 से 33 वर्ष (पदानुसार) रहने की संभावना है। वहीं, केंद्र सरकार के आरक्षण नियमों के तहत ओबीसी (गैर-क्रीमी लेयर) को तीन वर्ष, एससी/एसटी वर्ग को पांच वर्ष तथा दिव्यांग व भूतपूर्व सैनिकों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा का प्रारूप
रेलवे की चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व मेरिट आधारित होगी।
कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी): पहले चरण की स्क्रीनिंग परीक्षा (सीबीटी-एक) सभी के लिए सामान्य होगी, जिसके बाद पदवार सीबीटी-टू और टाइपिंग/कौशल परीक्षा आयोजित की जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन एवं मेडिकल:अंतिम चयन लिखित परीक्षा की मेरिट, शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच और पद के अनुसार निर्धारित चिकित्सा परीक्षण के आधार पर होगा।
यह भी पढ़ें- RRC Prayagraj : उत्तर मध्य रेलवे में GDCE कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती, नोटीफिकेशन जारी; एक अक्टूबर से करें आवेदन
यह भी पढ़ें- DElEd Back Paper Exam : डीएलएड के बैक पेपर की तिथियां घोषित, शामिल होगे सवा लाख अभ्यर्थी
आरपीएफ भर्ती पर स्थिति स्पष्ट नहीं
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल पदों पर नई भर्ती को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं हो सकी है। अभ्यर्थियों को इसके लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद अभ्यर्थी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से आनलाइन आवेदन व शुल्क भुगतान कर सकेंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को किसी भी अनौपचारिक सूचना से बचने और केवल आधिकारिक वेबसाइटों पर ही नजर रखने की सलाह दी है।
