विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RRC Prayagraj : उत्तर मध्य रेलवे में GDCE कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती, नोटीफिकेशन जारी; एक अक्टूबर से करें आवेदन

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 26 Sep 2026 06:59 PM (IST)

उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) ने जीडीसीई कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक अधिसूचना जारी की है, ...और पढ़ें

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज । जागरण आर्काइव

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज । जागरण आर्काइव

HighLights

  1. सहायक लोको पायलट के हैं 428 व वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 104 पद

  2. 28 सितंबर को जारी होगा विज्ञापन, आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) में कार्यरत रेलकर्मियों के लिए पदोन्नति पाने और बेहतर पदों पर जाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज ने वर्ष 2026-27 के लिए जीडीसीई (सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा) कोटे के तहत 656 पदों पर भर्ती के लिए सांकेतिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया से कर्मचारियों को अपनी योग्यता के दम पर उच्च पदों और बेहतर वेतनमान पर पहुंचने का सीधा मौका मिलेगा।


क्या है जीडीसीई परीक्षा और इसके फायदे?

जीडीसीई यानी जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जाम रेलवे का एक आंतरिक चयन तंत्र है।

सीधी पदोन्नति का मौका: इस परीक्षा का सबसे बड़ा लाभ यह होता है कि ग्रुप-डी या निचले ग्रेड पे में काम कर रहे योग्य कर्मचारियों को वर्षों तक सामान्य वरिष्ठता (सीनियरिटी) का इंतजार नहीं करना पड़ता।

वेतन और पद में उछाल: कर्मचारी लिखित परीक्षा पास कर सीधे तकनीकी, पर्यवेक्षी या लिपिकीय संवर्ग के उच्च वेतनमान (लेवल-2 से लेवल-6) वाले पदों पर पहुंच सकते हैं।

सीधी भर्ती से कम प्रतिस्पर्धा: इसमें आम जनता से खुली भर्ती के मुकाबले कम प्रतिस्पर्धा होती है, क्योंकि इसमें केवल रेलवे के कार्यरत पात्र कर्मचारी ही बैठते हैं।

आवेदन के लिए पात्रता 

यह भर्ती केवल उत्तर मध्य रेलवे में धारणाधिकार (लियन) रखने वाले सेवारत नियमित कर्मचारियों के लिए है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) के कर्मियों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।

किन पदों पर कितनी भर्तियां

आरआरसी के मुताबिक कुल 656 पदों पर चयन किया जाएगा, जिनका विवरण इस प्रकार है:
सहायक लोको पायलट: 428 पद (लेवल-2)
वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक: 104 पद (लेवल-3)
जूनियर इंजीनियर (सभी विभाग): 60 पद (लेवल-6)
तकनीशियन ग्रेड-III (सिग्नल एवं दूरसंचार): 56 पद (लेवल-2)
तकनीशियन ग्रेड-I (सिग्नल एवं दूरसंचार): 5 पद (लेवल-5)
कनिष्ठ लिपिक सह टंकक: 3 पद (लेवल-2)

क्या रहेगी चयन प्रक्रिया

जीडीसीई के तहत सामान्य तौर पर चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) के माध्यम से होता है। पदों की आवश्यकता के अनुसार आगे की प्रक्रिया तय होती है। जैसे सहायक लोको पायलट के लिए कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (साइको टेस्ट) और कनिष्ठ लिपिक के लिए टाइपिंग टेस्ट लिया जाता है। इसके बाद मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेज सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) और मेडिकल परीक्षण कराया जाता है। सभी नियम, शैक्षणिक योग्यता और विस्तृत प्रक्रिया 28 सितंबर को आने वाली विस्तृत अधिसूचना में स्पष्ट की जाएगी।

भर्ती संबंधी महत्वपूर्ण तिथियां

अधिसूचना जारी होने की तारीख: 28 सितंबर 2026
ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 01 अक्टूबर 2026
आवेदन की अंतिम तारीख: 30 अक्टूबर 2026 (रात 11:59 बजे तक)

आवेदन का तरीका और जरूरी निर्देश

सभी पात्र अभ्यर्थियों को केवल ऑनलाइन माध्यम से ही आधिकारिक पोर्टल (www.rrcpryj.org) पर जाकर फॉर्म भरना होगा। किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

दस्तावेज तैयार रखें, ठगों से रहें सावधान

आरआरसी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सूचना इसलिए पहले जारी की गई है ताकि कर्मचारी अपने जरूरी शैक्षणिक व तकनीकी प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और अन्य सेवा दस्तावेज समय रहते तैयार कर लें। इसके साथ ही रेलवे ने अभ्यर्थियों को सतर्क करते हुए कहा है कि चयन पूरी तरह मेरिट पर होगा, इसलिए नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले बिचौलियों, दलालों और ठगों के बहकावे में बिल्कुल न आएं।

यह भी पढ़ें- Indian Railways : अब कवच के बताए गति सीमा पर ही दौड़ेंगी ट्रेनें, रेलवे बोर्ड का महत्वपूर्ण फैसला

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी, समय सारिणी जारी; फेरे बढ़ने से यात्रियों को राहत