नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी, समय सारिणी जारी; फेरे बढ़ने से यात्रियों को राहत
नई दिल्ली-हावड़ा त्योहार विशेष ट्रेन (04052-51) के फेरों में बढ़ोतरी की गई है। यह ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन के बजाय तीन दिन चलेगी, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।

यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे नई दिल्ली-हावड़ा स्पेशल ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलाएगा।
HighLights
रेलवे ने त्योहार विशेष ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी कर दी है
पहले यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन ही चलाने की योजना थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नई दिल्ली और हावड़ा के बीच चलने वाली त्योहार विशेष ट्रेन 04052-51 के फेरों में बढ़ोतरी कर दी गई है। पहले यह ट्रेन सप्ताह में केवल एक दिन चलने वाली थी, लेकिन अब यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसे सप्ताह में तीन दिन चलाने का निर्णय लिया गया है।
नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन 24 फेरे लगाएगी
नई दिल्ली से हावड़ा जाने वाली यह स्पेशल ट्रेन अब हर शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को रवाना होगी। यह ट्रेन अक्टूबर महीने में छह, नौ, 11, 13, 16, 18, 20, 23, 25, 27 और 30 तारीख को चलेगी। इसके बाद नवंबर में यह एक, तीन, छह, आठ, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27 और 29 तारीख को संचालित होगी। इस दिशा में यह ट्रेन कुल 24 फेरे लगाएगी।
हावड़ा से कब-कब चलेगी स्पेशल ट्रेन
वापसी में हावड़ा से नई दिल्ली आने वाली ट्रेन अब हर रविवार, मंगलवार और गुरुवार को चलेगी। अक्टूबर में यह गाड़ी हावड़ा से आठ, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 और 29 तारीख को रवाना होगी। वहीं नवंबर में यह एक, तीन, पांच, आठ, 10, 12, 15, 17, 19, 22, 24, 26, 29 तारीख और एक दिसंबर को चलेगी। हावड़ा की ओर से भी यह ट्रेन कुल 24 फेरे पूरी करेगी।
