विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे में बंपर भर्ती: जूनियर इंजीनियर समेत 3993 पदों पर पहले चरण की परीक्षा 27 अक्टूबर से होगी, शेड्यूल्ड जारी

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 18 Sep 2026 06:03 PM (IST)

रेलवे भर्ती बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर सहित 3993 पदों के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) का कार्यक्रम ...और पढ़ें

आरआरबी भारतीय रेलवे में तकनीकी पदों पर भर्ती करेगा।

आरआरबी भारतीय रेलवे में तकनीकी पदों पर भर्ती करेगा।

HighLights

  1. आरआरबी ने जारी किया शेड्यूल, 27 से 30 अक्टूबर के बीच होगी परीक्षा

  2. 2026 में शुरू हुई भर्ती, 10 दिन पहले डाउनलोड होगा एडमिट कार्ड

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में तकनीकी पदों पर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना (CEN No. 04/2026) के तहत जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) तथा केमिकल व मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के कुल 3,993 पदों के लिए प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

देशभर में परीक्षा 27, 28 और 30 अक्टूबर को

रेलवे बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह परीक्षा 27, 28 और 30 अक्टूबर 2026 को देश भर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। रेलवे भर्ती बोर्ड के अनुसार, परीक्षा शहर और तिथि देखने तथा एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यात्रा पास (Travel Authority) डाउनलोड करने की सुविधा परीक्षा शुरू होने से लगभग 10 दिन पहले सभी आधिकारिक वेबसाइटों पर लाइव कर दी जाएगी। इसके अलावा, उम्मीदवार अपनी परीक्षा तारीख से ठीक 4 दिन पहले ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

क्या काम करते हैं ये पदधारक?

इस भर्ती अभियान के तहत चयनित होने वाले अभ्यर्थियों की भारतीय रेलवे के सुचारू और सुरक्षित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

जूनियर इंजीनियर (JE):

सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और सिग्नल एवं टेलीकॉम विभागों में तैनात जूनियर इंजीनियर मुख्य रूप से रेलवे ट्रैक, पुलों, ओवरहेड बिजली तारों, इंजनों, कोचों और सिग्नलिंग प्रणालियों के निर्माण, नियमित रखरखाव और सुरक्षा निगरानी का जिम्मा संभालते हैं।

डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS):

ये रेलवे के स्टोर डिपो में कार्यरत होते हैं। इनका काम रेलवे की तकनीकी और गैर-तकनीकी सामग्रियों का प्रबंधन, इन्वेंट्री रिकॉर्ड रखना, उपकरणों की आवक-जावक और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना होता है।

केमिकल और मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA):

ये रेलवे की प्रयोगशालाओं में काम करते हैं, जहां पटरियों, पहियों, स्प्रिंग्स और अन्य निर्माण सामग्री की धातु गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और उपयोग होने वाले तेल-ईंधन की रासायनिक जांच करते हैं।

प्रवेश के लिए बायोमैट्रिक सत्यापन और नियम अनिवार्य

रेलवे बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर निष्पक्षता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों का पहचान पत्र आधारित बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा। बोर्ड ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे अपना मूल पहचान पत्र या ई-सत्यापित प्रति साथ लेकर ही आएं।

ये जरूरी निर्देश पर ध्यान दें

इसके साथ ही, उम्मीदवारों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि परीक्षा के दिन सिस्टम में उनकी बायोमैट्रिक पहचान बिना किसी रुकावट के सत्यापित हो सके, इसके लिए उनका विवरण लॉक न हो। पहचान दस्तावेज पर उम्मीदवार का नाम, जन्मतिथि (10वीं कक्षा के प्रमाणपत्र के अनुसार), पिता का नाम और नवीनतम फोटो पूरी तरह सही होनी चाहिए।

दलालों और फर्जी वादों से सतर्क रहने की चेतावनी

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को आगाह किया है कि वे नौकरी दिलाने का झूठा झांसा देने वाले असामाजिक तत्वों और दलालों से पूरी तरह सावधान रहें। रेलवे की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) और उम्मीदवार की योग्यता (मेरिट) पर आधारित है। किसी भी नई जानकारी या अपडेट के लिए अभ्यर्थी केवल रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर ही भरोसा करें।

यह भी पढ़ें- Railway JE Recruitment 2025 : सीबीटी-2 परीक्षा परिणाम जारी: 162 अभ्यर्थी DV के लिए शॉर्टलिस्ट, कटऑफ स्कोर भी जारी

यह भी पढ़ें- UP PSC आयुर्वेद चिकित्साधिकारी के 168 पदों पर सीधी भर्ती करेगा, स्क्रीनिंग परीक्षा की शेड्यूल व सिलेबस जारी