RRB NTPC Bharti : रेलवे में 12वीं पास युवाओं के लिए 1688 पदों पर नौकरी का अवसर, आवेदन तिथियां व शेड्यूल नोट करें
RRB NTPC Bharti रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने 12वीं पास युवाओं के लिए NTPC अंडरग्रेजुएट स्तर के 1688 पदों पर ...और पढ़ें

RRB NTPC Bharti रेलवे में 12वीं पास युवाओं के लिए 1688 एनटीपीसी पदों पर भर्ती होगी।
HighLights
15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होंगे ऑनलाइन आवेदन
एक्जाम सिटी की जानकारी परीक्षा से 10 दिन पूर्व दी जाएगी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। RRB NTPC Bharti भारतीय रेलवे में सुरक्षित भविष्य और सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे देश भर के 12वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों यानी एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट (10+2) स्तर के तहत 1,688 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया की घोषणा कर दी है।
लाखों अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका
रेलवे द्वारा जारी संक्षिप्त विवरण के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की खिड़की 15 अक्टूबर 2026 से खोल दी जाएगी। लंबे समय से रेलवे भर्ती की तैयारी में जुटे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह सुनहरा मौका माना जा रहा है, जिससे उन्हें सीधे भारतीय रेल तंत्र का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां और शेड्यूल
आरआरबी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, पात्र और इच्छुक अभ्यर्थी 15 अक्टूबर 2026 से अपना ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, जिन अभ्यर्थियों का फॉर्म अंतिम दिन सबमिट होगा, वे अपना परीक्षा शुल्क 15 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकेंगे।
ई-कॉल लेटर परीक्षा के 4 दिन पूर्व डाउनलोड होगा
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि लिखित परीक्षा (CBT-1) की तारीखों का ऐलान अलग से उचित समय पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी परीक्षा आयोजन से ठीक 10 दिन पहले जारी कर दी जाएगी, जबकि परीक्षा हॉल में प्रवेश के लिए आवश्यक ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड परीक्षा शुरू होने से 4 दिन पहले आधिकारिक पोर्टल से डाउनलोड किए जा सकेंगे।
पद, शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर टाइपिंग की अनिवार्यता
इस भर्ती अभियान के जरिए रेलवे के विभिन्न मंडलों में चार प्रमुख श्रेणियों में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें कमर्शियल कम टिकट क्लर्क, ट्रेन क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट के पद शामिल हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो किसी भी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड से 10 2 (इंटरमीडिएट) उत्तीर्ण अभ्यर्थी इन पदों के लिए आवेदन के पात्र हैं। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य रखा गया है। जबकि अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग (PH) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए केवल उत्तीर्ण होना ही पर्याप्त माना गया है।
टाइपिंग कौशल दिखाना होगा
RRB NTPC Bharti इसके अलावा, जो उम्मीदवार अकाउंट्स क्लर्क और जूनियर क्लर्क जैसे टाइपिस्ट पदों के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें कंप्यूटर टाइपिंग का कौशल भी दिखाना होगा। इसके तहत अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की गति अनिवार्य की गई है।
आयु सीमा और पात्रता मानक
बोर्ड के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, इन पदों पर आवेदन के लिए अभ्यर्थियों की आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। इस कट-ऑफ तिथि को उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, केंद्र सरकार और रेलवे भर्ती बोर्ड के मौजूदा नियमों के अनुसार आरक्षित श्रेणियों जैसे ओबीसी, एससी, एसटी और भूतपूर्व सैनिकों को अधिकतम आयु सीमा में उचित छूट प्रदान की जाएगी, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को अवसर मिल सके।
आवेदन शुल्क और फीस रिफंड का नियम
रेलवे ने इस भर्ती में भी अभ्यर्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए फीस रिफंड का प्रावधान लागू रखा है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹500 तय किया गया है। वहीं एससी, एसटी, ईबीसी और सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क मात्र ₹250 निर्धारित है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने साफ किया है कि जो अभ्यर्थी पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) में वास्तविक रूप से उपस्थित होंगे, उनके बैंक खाते में फीस वापस कर दी जाएगी। सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को बैंक चार्ज काटकर ₹400 वापस किए जाएंगे, जबकि आरक्षित श्रेणी और महिला अभ्यर्थियों की पूरी ₹250 की राशि वापस लौटाई जाएगी।
पांच चरणों की पारदर्शी चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का अंतिम चयन एक सख्त और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के आधार पर होगा। इसके तहत सबसे पहले प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) आयोजित की जाएगी, जो केवल स्क्रीनिंग स्तर की होगी। इसमें सफल अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-2) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद आवश्यकतानुसार पदों के लिए स्किल टेस्ट यानी टाइपिंग परीक्षा या एप्टीट्यूड टेस्ट लिया जाएगा। इन सभी चरणों में मेरिट में जगह बनाने वाले अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और अंत में विस्तृत मेडिकल परीक्षण (Medical Examination) से गुजरना होगा।
आरआरबी की वेबसाइट पर नजर रखें अभ्यर्थी
RRB NTPC Bharti सभी पैमानों पर खरा उतरने के बाद ही अंतिम नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी से बचें और विस्तृत अधिसूचना के लिए आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर ही नजर बनाए रखें।
