रेलवे भर्ती परीक्षाओं की शुल्क वापसी की अंतिम तिथि तीन अक्टूबर तक बढ़ा दी गई, अभ्यर्थियों के लिए अंतिम अवसर
रेलवे भर्ती परीक्षाओं की फीस वापसी के लिए अभ्यर्थियों को अब 3 अक्टूबर तक का अंतिम मौका दिया गया है। ...और पढ़ें

रेलवे भर्ती परीक्षाओं की फीस वापसी की तिथि बढ़ गई है।
HighLights
परीक्षा शुल्क वापस नहीं ले पाने वाले अभ्यर्थियों को रेलवे ने राहत दी
फीस वापसी के लिए पहले 28 सितंबर की समय-सीमा तय की गई थी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल हुए अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। गलत या अपूर्ण बैंक खाते के विवरण और तकनीकी कारणों से जिन अभ्यर्थियों का परीक्षा शुल्क वापस नहीं हो सका था, वह अब तीन अक्टूबर की रात 11:55 बजे तक अपना सही बैंक विवरण अपडेट कर सकते हैं। पहले इसके लिए 28 सितंबर की समय-सीमा तय की गई थी।
आरआरबी ने वर्ष 2024 और 2025 की परीक्षाओं (विज्ञापन संख्या 09/2025 को छोड़कर) के अधिकांश अभ्यर्थियों की फीस लौटा दी है। जिन अभ्यर्थियों का लेनदेन विफल रहा, वे आधिकारिक पोर्टल https://www.rrbapply.gov.in पर लागइन करके अपने आधार से जुड़े सक्रिय बैंक खाते की जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फीस वापसी का यह अंतिम अवसर है। इसके बाद किसी भी संशोधन या पत्राचार पर विचार नहीं किया जाएगा। रिफंड का लाभ केवल कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) में उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को ही मिलेगा।
नियमों के तहत एससी, एसटी, महिला, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को पूरी फीस (बैंक चार्ज काटकर) वापस की जाती है, जबकि सामान्य व ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित राशि (जैसे 500 में से 400 रुपये) वापस मिलती है। अनुपस्थित अभ्यर्थियों को कोई रिफंड नहीं दिया जाएगा।
