चैत्र नवरात्र में प्रयागराज से विंध्याचल के लिए हर 15 मिनट पर मिलेंगी रोडवेज बसें, श्रद्धालुओं को ट्रेन सुविधा भी
चैत्र नवरात्र में विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। प्रयागराज से विंध्याचल के लिए हर 15 मिनट ...और पढ़ें

चैत्र नवरात्र में प्रयागराज से विंध्याचल और मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज और रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है।
HighLights
18 से 27 मार्च तक प्रयागराज में जीरो रोड और लेप्रोसी बस अड्डे से मिलेंगी बसें
प्रयागराज व आसपास जिलों से विंध्याचल-मैहर के लिए परिवहन के पुख्ता इंतजाम
चैत्र नवरात्र के लिए रेलवे की तैयारी, विंध्याचल और मैहर में रुकेंगी एक्सप्रेस ट्रेनें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। चैत्र नवरात्र में मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ( यूपी रोडवेज) और भारतीय रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं। 18 मार्च से 27 मार्च तक प्रयागराज के विभिन्न बस अड्डों से हर 15 मिनट में बसें संचालित की जाएंगी।
कंट्रोल रूम सक्रिय
प्रयागराज और आसपास के जिलों से विंध्याचल और मैहर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रोडवेज ने प्रयागराज परिक्षेत्र के कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया है ताकि किसी भी रूट पर श्रद्धालुओं को बसों की कमी न हो।
भोर में चार से रात 11 बजे तक बस सुविधा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज के जीरो रोड और लेप्रोसी अस्थायी बस अड्डे को मुख्य केंद्र बनाया गया है। बसें भोर में 4:00 बजे से लेकर रात 11:00 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार के अनुसार, यदि श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होती है, तो बसों का संचालन पूरी रात (24 घंटे) किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 18 मार्च की रात 12:00 बजे से हो जाएगी।
बसों का रूट जानें
इस बार परिवहन निगम ने केवल मुख्य शहरों ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों को भी जोड़ने का प्रयास किया है। प्रयागराज क्षेत्र से 135 बसें और वाराणसी क्षेत्र को मिलाकर कुल 200 अतिरिक्त बसें चलेंगी। मीरजापुर-विंध्याचल-प्रयागराज और मीरजापुर-वाराणसी मार्ग पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रतापगढ़, लालगंज, बादशाहपुर और कड़ाधाम से भी विंध्याचल के लिए सीधी बसें उपलब्ध होंगी।
विंध्याचल और मैहर में रुकेंगी एक्सप्रेस ट्रेनें
ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने दो प्रमुख तीर्थ स्थलों विंध्याचल और मैहर स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव दिया है। यहां 22 ट्रेनों को 2-2 मिनट का ठहराव दिया गया है। इसमें हावड़ा-जोधपुर, बीकानेर एक्सप्रेस, पुरी-आनंद विहार और लोकमान्य तिलक टर्मिनल-पाटलिपुत्र जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। मां शारदा के दर्शन के लिए मैहर जाने वाले यात्रियों के लिए 15 ट्रेनों को 5-5 मिनट का ठहराव दिया गया है। इनमें लोकमान्य तिलक-गोरखपुर, चेन्नई-छपरा और पुणे-बनारस एक्सप्रेस प्रमुख हैं।
एक नजर में पूरी व्यवस्था जानें
200 बसें : प्रतिदिन कुल संचालित होने वाली बसें।
40 बसें : जीरो रोड/लेप्रोसी से विंध्याचल होते हुए मीरजापुर तक।
10 बसें : जीरो रोड/लेप्रोसी से विंध्याचल के रास्ते वाराणसी तक।
5 बसें : कड़ाधाम से प्रयागराज होते हुए विंध्याचल तक।
सहायता के लिए महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है-
रोडवेज कंट्रोल रूम: 8726005138
रोडवेज टोल फ्री हेल्पलाइन: 18001802827
रेलवे हेल्पलाइन: 139
यह भी पढ़ें- माफिया अतीक अहमद की बेगम शाइस्ता से जब्त जमीन पर बनेगा फ्लैट, प्रयागराज के गरीबों को मिलेगा आशियाना
