उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड खालिद जफर पर भी जल्द कसेगा शिकंजा, पुलिस घोषित करेगी इनाम
उमेश पाल हत्याकांड में वांछित खालिद जफर पर जल्द ही पुलिस इनाम घोषित करेगी। उस पर शूटरों को आर्थिक मदद ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
खालिद जफर पर उमेश पाल हत्याकांड में इनाम घोषित होगा।
शूटरों को आर्थिक मदद व अतीक की बेनामी संपत्ति का आरोप।
अरमान बिहारी ने चलाई थी बाइक, पीछे था गुड्डू मुस्लिम।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधायक राजू पाल के गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की हत्या में वांछित चल रहे अभियुक्त खालिद जफर पर भी इनाम घोषित किया जाएगा। इसके लिए पुलिस की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। खालिद पर इनाम होते ही कानूनी शिकंजा कस जाएगा। वह लंबे समय से पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को चकमा दे रहा है।
धूमनगंज के कसारी-मसारी इलाके में रहने वाले खालिद जफर पर उमेश पाल हत्याकांड के शूटरों को आर्थिक मदद करने और दूसरी तरह से सहयोग करने का आरोप है। यह भी कहा गया है कि खालिद जफर माफिया अतीक के परिवार का बड़ा फाइनेंसर है।
वह अतीक की बेनामी प्रापर्टी पर कब्जा करके बेचता है और फिर उसका कमीशन अतीक के परिवार तक पहुंचाता है। बहुचर्चित हत्याकांड की विवेचना के दौरान पुलिस ने अभियुक्त खालिद का नाम प्रकाश में लाया और फिर उसे आरोपित बनाया।
हालांकि लंबे समय से वांछित चल रहा है। पुलिस और एसटीएफ की टीम ने कई बार उसके ठिकाने पर छापेमारी की, लेकिन चकमा देकर भाग निकला।
पुलिस का कहना है कि उमेश पाल हत्याकांड में ट्रायल शुरू हो गया है। अब सभी शूटरों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें खालिद जफर और उसके कुछ सहयोगी भी शामिल हैं।
बाइक चला रहा था अरमान, पीछे बैठा था गुड्डू मुस्लिम
उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पता चला कि वारदात के लिए जाते समय अरमान बिहारी बाइक चला रहा था, जबकि पीछे कुख्यात बमबाज गुड्डू मुस्लिम बैठा था।
जांच में पता चला कि वह सिविल लाइंस में कबाब-पराठे की दुकान (ठेला) लगाता था। उसकी दुकान पर अतीक अहमद के गुर्गों और करीबियों का आना-जाना था। यहीं से वह अतीक गैंग के संपर्क में रहकर काम करने लगा था।
बाद में उसने उसी इलाके में एक दुकान भी खरीद ली थी, जिसके लिए अपराध से कमाए पैसों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई थी। हत्याकांड के बाद पुलिस ने अरमान के साथ ही बाकी आरोपितों की संपत्ति को कुर्क करने की भी कार्रवाई की थी।
