विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे समेत कई केंद्रीय कार्यक्षेत्रों में संविदा कर्मियों की बढ़ा पारिश्रमिक, चालू माह से ही बढ़ा वेतन व एरियर मिलेगा

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 27 Oct 2026 06:35 PM (IST)

रेलवे सहित कई केंद्रीय कार्यक्षेत्रों में संविदा कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (वीडीए) बढ़ा दिया गया है। संशोधित दरें 1 अक्टूबर ...और पढ़ें

रेलवे और केंद्रीय क्षेत्रों के संविदा कर्मियों को मिली बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता और एरियर बढ़ा दिया है।

रेलवे और केंद्रीय क्षेत्रों के संविदा कर्मियों को मिली बड़ी सौगात, महंगाई भत्ता और एरियर बढ़ा दिया है।

HighLights

  1. संविदा कर्मियों के लिए एक अक्टूबर से नया महंगाई भत्ता लागू

  2. देश भर में सफाईकर्मियों से लेकर गार्डों तक का बढ़ेगा मानदेय

अमरीश मनीष शुक्ल, जागरण प्रयागराज। रेलवे समेत विभिन्न केंद्रीय कार्यक्षेत्रों में कार्यरत लाखों संविदा (कांट्रैक्ट) कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (वीडीए) बढ़ गया है। संशोधित दरें एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगी, जिससे कामगारों को चालू माह से ही बढ़ा हुआ वेतन और एरियर मिलेगा।

शहरों के तीन श्रेणियों के अनुसार पारिश्रमिक निर्धारण

पारिश्रमिक निर्धारण के लिए शहरों को तीन श्रेणियों 'क', 'ख' और 'ग' में बांटा है। 'क' श्रेणी में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, कानपुर जैसे महानगर शामिल हैं। 'ख' श्रेणी में प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, भोपाल, जयपुर जैसे प्रमुख शहर हैं, जबकि 'ग' श्रेणी में देश के बाकी छोटे कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र आते हैं।

किस श्रेणी का कितना बढ़ेगा पारिश्रमिक

रेलवे के पार्सल कार्यालयों, गुड्स शेड, हवाई अड्डों और मालगोदामों में लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले तथा सफाई कर्मियों को 'क' श्रेणी के शहरों में 523 रुपये मूल वेतन और 317 रुपये वीडीए मिलाकर अब कुल 840 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। 'ख' श्रेणी के शहरों में यह दर 704 रुपये (मूल 437 वीडीए 267) और 'ग' श्रेणी में 565 रुपये (मूल 350 वीडीए 215) प्रतिदिन तय की गई है।

सुरक्षाकर्मियों की न्यूनतम मजदूरी कितनी मिलेगी?

बिना हथियार वाले सुरक्षाकर्मियों की न्यूनतम मजदूरी 'क' क्षेत्र में 1024 रुपये प्रतिदिन (मूल 637 वीडीए 387), 'ख' क्षेत्र में 933 रुपये और 'ग' क्षेत्र में 794 रुपये हो गई है। वहीं हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों को 'क' क्षेत्र में 1111 रुपये (मूल 693 वीडीए 418), 'ख' क्षेत्र में 1024 रुपये और 'ग' क्षेत्र में 933 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।

अत्यधिक कुशल कामगारों की दैनिक मजदूरी

सड़क, रनवे, भवन निर्माण, भूमिगत केबल, पाइपलाइन और सीवरेज लाइन के काम में लगे अकुशल श्रमिकों को अब प्रतिदिन 565 रुपये से लेकर 840 रुपये तक मिलेंगे। इसी श्रेणी में अत्यधिक कुशल (हाईली स्किल्ड) कामगारों की दैनिक मजदूरी 'क' श्रेणी के शहरों में 1111 रुपये तक पहुंच गई है।

अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 565 रुपये

कृषि क्षेत्र में अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 486 से 537 रुपये और अत्यधिक कुशल कामगारों को 587 से 705 रुपये मिलेंगे। इसके अलावा जिप्सम, बाक्साइट, लौह अयस्क जैसी खदानों में जमीन के ऊपर काम करने वाले अकुशल श्रमिकों को 565 रुपये और जमीन के अंदर काम करने वालों को 704 रुपये प्रतिदिन देय होंगे।

सभी जोनल जीएम को निर्देश

रेलवे बोर्ड के निदेशक स्थापना (श्रम कानून) पीयूष कपासी के अनुसार 23 अक्टूबर को सभी जोनल रेलवे महाप्रबंधकों और उत्पादन इकाइयों को कड़ाई से अनुपालन कराने को कहा गया है। जीएम इसे सुनिश्चित करेंगे। कम मजदूरी देने पर ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रतिदिन आठ से 21 रुपये और मासिक मानदेय में 200 से 550 रुपये तक की वृद्धि हुई है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज एक्सप्रेस और हमसफर का आज रात से बदलेगा समय, नई समय सारणी देखकर ही सफर को निकलें

यह भी पढ़ें- वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का प्रयागराज में होगा स्वागत, 31 अक्टूबर को जंंक्शन के प्लेटफार्म 6 पर जुटेंगे कई दिग्गज