दीपावली व छठ पर राहत: प्रयागराज छिवकी होकर चलने वाली कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े, मार्ग और गंतव्य में भी हुआ बदलाव
रेलवे ने दीपावली और छठ पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए प्रयागराज छिवकी से गुजरने वाली कई पूजा स्पेशल ...और पढ़ें

प्रयागराज छिवकी होकर चलने वाली कई पूजा स्पेशल ट्रेनों के फेरे रेलवे ने बढ़ाए हैं।
HighLights
प्रयागराज के रास्ते बिहार और गुजरात की यात्रा करने वालों को सीधी राहत मिलेगी
प्रयागराज छिवकी के रास्ते जाने वाली उधना-जयनगर स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज छिवकी होकर गुजरने वाली कई प्रमुख अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ा दिए हैं। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व में अधिसूचित कुछ ट्रेनों के गंतव्य, मार्ग और समय में भी संशोधन किया गया है। इससे प्रयागराज के रास्ते बिहार और गुजरात की यात्रा करने वालों को सीधी राहत मिलेगी।
उधना-जयनगर के यात्रियों को लाभ
प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलने वाली उधना-जयनगर-उधना स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ा दी गई है। ट्रेन संख्या 09073 (उधना-जयनगर) अब नवंबर महीने में 1 और 8 नवंबर को उधना से चलेगी, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 09074 (जयनगर-उधना) 3 और 10 नवंबर को संचालित होगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 09071 (उधना-जयनगर) भी 1 और 8 नवंबर को और ट्रेन संख्या 09072 (जयनगर-उधना) 3 और 10 नवंबर को अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
पोंत्तनूर-बरौनी-पोंत्तनूर स्पेशल ट्रेन के बढ़े फेरे
इसके अलावा गाड़ी संख्या 06021/06022 पोंत्तनूर-बरौनी-पोंत्तनूर स्पेशल ट्रेन को भी 4 अतिरिक्त फेरों के साथ नवंबर व दिसंबर के पहले सप्ताह तक विस्तार दिया गया है, जबकि बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल भी नवंबर के पहले पखवाड़े में अतिरिक्त फेरों के साथ दौड़ेगी।
इन ट्रेनों का बदला गया मार्ग
प्रयागराज छिवकी के यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बदलाव इन ट्रेनों के रूट को लेकर है। ट्रेन संख्या 09073/09074 और 09071/09072 को पहले तय मार्ग के बजाय अब परिवर्तित मार्ग पालधी-खंडवा-इटारसी-मानिकपुर-प्रयागराज छिवकी-पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के रास्ते चलाया जा रहा है। समय-सारणी के मुताबिक, उधना से चलकर ट्रेन संख्या 09073 प्रत्येक सोमवार सुबह 11:50 बजे प्रयागराज छिवकी पहुँचकर 11:55 बजे आगे रवाना होती है, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 09074 बुधवार मध्यरात्रि 00:34 बजे छिवकी पहुँचती है। वहीं दूसरी ट्रेन 09071 सोमवार दोपहर 14:50 बजे छिवकी आकर 14:55 बजे छूटती है और वापसी में गाड़ी संख्या 09072 बुधवार तड़के 04:25 बजे छिवकी स्टेशन पहुँचकर 04:30 बजे गंतव्य के लिए आगे बढ़ती है।
झांझरपुर की जगह सीधे जयनगर से चलेगी ट्रेन
इसके साथ ही, ट्रेन संख्या 09047/09048 (उधना-जयनगर-उधना) साप्ताहिक अनारक्षित विशेष ट्रेन के गंतव्य में बदलाव करते हुए इसे झांझरपुर के स्थान पर अब सीधे जयनगर तक चलाने का फैसला हुआ है। यह ट्रेन 29 नवंबर तक उधना से हर रविवार और 30 नवंबर तक जयनगर से हर सोमवार को कुल 7 फेरों के लिए चलाई जा रही है।
ट्रेनों की सही जानकारी लेकर ही यात्रा करें
रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज और आसपास के सभी यात्रियों से अपील की है कि त्योहारों में स्टेशन निकलने से पहले रेल मदद, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप अथवा रेलवे पूछताछ सेवा 139 के माध्यम से अपनी ट्रेन के संशोधित मार्ग, समय और ठहराव की सही स्थिति अवश्य जांच लें।
