प्रयागराज: गंगापार के हंडिया में 49.53 करोड़ से चमकेंगी 30 गांवों की सड़कें, आरामदायक होगा ग्रामीणों का सफर
प्रयागराज के हंडिया विधानसभा क्षेत्र में 49.53 करोड़ रुपये की लागत से 30 गांवों की सड़कें चमकाई जाएंगी। बिठौली से ...और पढ़ें

प्रयागराज के हंडिया विधानसभा की सड़कों के दिन बहुरेंगे।
HighLights
बिठौली से टीला वाया बरौत मार्ग का होगा चौड़ीकरण
सिंगल लेन सड़क सात मीटर चौड़ी होगी, बनेगी टू लेन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगापार के हंडिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 49.53 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है। इसके तहत बिठौली से टीला वाया बरौत मार्ग का 21.30 किलोमीटर तक चौड़ीकरण कर उसे टू-लेन बनाया जाएगा। अभी यह सड़क सिंगल लेन है, जिसे सात मीटर चौड़ा करने की योजना है।
लोक निर्माण विभाग सड़कों को चकाचक करेगा
सड़क के चौड़ीकरण से 30 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। हंडिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क की सीमित चौड़ाई और बदहाल स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर दो वाहनों के आमने-सामने आने पर रास्ता संकरा होने से दिक्कत होती है। इसी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने यह योजना बनाई है।
सात मीटर सड़क चौड़ी होगी
सड़क को सिंगल लेन से टू-लेन में बदलने के साथ ही उसकी चौड़ाई सात मीटर की जाएगी। इससे आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से दैनिक आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिल सकती है।
धनराशि स्वीकृत होने पर सड़क निर्माण होगा
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-4 के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। जल्द ही बजट जारी होने का अनुमान है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। राजनीतिक संदर्भ में, हंडिया विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में हार के बाद क्षेत्र में इस परियोजना को सरकार की विकास संबंधी प्राथमिकताओं से जोड़कर देखा जा रहा है।
