Prayagraj : सिविल लाइंस में बदलेगी सड़कों की सूरत, सफर होगा आरामदायक; एसपी-एमजी मार्ग पर बनेगी पार्किंग
प्रयागराज के सिविल लाइंस में सड़कों की सूरत बदलने वाली है, जहां जाम और अतिक्रमण से राहत मिलेगी। एमजी रोड ...और पढ़ें

प्रयागराज का सिविल लाइंस इलाका। जागरण आर्काइव
HighLights
हनुमान मंदिर से पत्थर गिरजाघर तक वेंडिंग-फ्री जोन
फुटपाथ की रेलिंग हटाकर बढ़ाई जाएगी पार्किंग की जगह
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के पॉश इलाका सिविल लाइंस में जाम, बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण से परेशान लोगों को राहत देने के लिए अब सड़कों का नए सिरे से नियोजन किया जाएगा। एमजी रोड और सरदार पटेल मार्ग पर फुटपाथ की रेलिंग और सड़क विभाजन हटाकर पार्किंग के लिए अतिरिक्त जगह बनाई जाएगी।
वेंडिंग फ्री जोन विकसित होगा
दोनों मार्गों पर शुल्क आधारित पार्किंग व्यवस्था लागू होगी, जबकि हनुमान मंदिर से पत्थर गिरजाघर तक वेंडिंग-फ्री जोन विकसित किया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी।
मंडलायुक्त ने यातायात सुगम बनाने का दिया निर्देश
बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को यातायात सुगम बनाने, अतिक्रमण हटाने और सड़कों को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के निर्देश दिए। इसमें पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज, नगर आयुक्त साई तेजा, डीसीपी मनीष शांडिल्य और विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
वाहन व्यवस्थित ढंग से खड़े होंगे
एमजी (महात्मा गांधी) रोड पर हनुमान मंदिर चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक सड़क और सर्विस लेन के बीच की विभाजन हटाकर उचित ढलान तैयार किया जाएगा। थार्नहिल रोड की तर्ज पर ऐसी पार्किंग विकसित होगी, जहां वाहन आसानी से प्रवेश कर सड़क किनारे व्यवस्थित ढंग से खड़े हो सकेंगे।
सरदार पटेल मार्ग पर अतिक्रमण हटेगा
सरदार पटेल (एसपी) मार्ग पर खरबंदा मोटर्स से विवेकानंद चौराहे तक फुटपाथ की रेलिंग हटाकर पार्किंग के लिए जगह बढ़ाई जाएगी। दोनों मार्गों पर पार्किंग लेन को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा। अनधिकृत रूप से ठेला लगाकर खाद्य पदार्थ बेचने वालों को निर्धारित वैकल्पिक स्थानों पर भेजा जाएगा।
वाहनों की पार्किंग होगी
सड़क किनारे वाहन मरम्मत और अनधिकृत पार्किंग कराने जैसी गतिविधियों पर भी कार्रवाई होगी। सिविल लाइंस की बहुमंजिला पार्किंग को व्यवस्थित कर निचले तल पर दैनिक आवागमन वाले वाहनों की पार्किंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
ई-रिक्शा से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी
ई-रिक्शा से लगने वाले जाम को दूर करने के लिए नगर निगम और पीडीए संयुक्त कार्ययोजना तैयार करेंगे। इसमें ई-आटो सहित वैकल्पिक यातायात साधनों की व्यवस्था पर भी विचार होगा। वहीं, प्रीतम नगर में 60 फुट मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण और अन्य अवरोधों को तीन दिन में हटाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और पीडीए की टीम मलबा हटाने, सफाई कराने और रास्ता सुगम बनाने की कार्रवाई करेगी।
