प्रयागराज में जयमाल के लिए सजा था मंच, तभी पुलिस संग हुई प्रेमिका की एंट्री; बिन दुल्हन लौटी बरात
प्रयागराज के करछना में एक शादी समारोह में जयमाल से ठीक पहले दूल्हे की प्रेमिका पुलिस के साथ पहुंच गई, जिससे शादी टूट गई। प्रेमिका के आरोपों और पुराने प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जयमाल से ठीक पहले दूल्हे की प्रेमिका पुलिस संग पहुंची।
प्रेमिका के आरोपों पर दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार किया।
घंटों हंगामे के बाद बारात बिना दुल्हन के वापस लौटी।
संवाद सूत्र, करछना(प्रयागराज)। थाना क्षेत्र के बबुरा गांव में मंगलवार की रात शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाल की रस्म शुरू होने से ठीक पहले दूल्हे की प्रेमिका पुलिस के साथ पहुंच गई। उसने दूल्हे पर शादी का झांसा देकर दूसरी युवती से विवाह करने का आरोप लगाया। प्रेमिका के आरोपों और पुराने प्रेम संबंध की जानकारी सामने आने के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया।
घंटों चले हंगामे और पंचायत के बाद शादी टूट गई। लड़की पक्ष ने शादी में हुए खर्च की रकम लेकर बारात को वापस लौटा दिया। दूल्हे को बिना दुल्हन के ही घर लौटना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, वीरपुर गांव निवासी युवक का मेजा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि युवक ने युवती से शादी करने का वादा किया था, लेकिन परिजनों की सहमति से वह बबुरा गांव में दूसरी युवती से विवाह करने पहुंच गया।
मंगलवार रात बरात पहुंचने पर लड़की पक्ष ने धूमधाम से स्वागत किया। द्वारपूजा की रस्म पूरी होने के बाद जयमाल की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच प्रेमिका को युवक की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंच गई और विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मामले की सूचना पर रात करीब 11 बजे करछना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि युवक लंबे समय से उसके साथ प्रेम संबंध में था और शादी का वादा करके अब दूसरी युवती से विवाह कर रहा है।
अचानक सामने आए इस मामले से दोनों पक्षों के लोग सकते में आ गए। दुल्हन पक्ष ने पूरी जानकारी लेने के बाद शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत और समझौते का दौर चला। अंततः शादी में हुए खर्च की रकम वापस लेकर लड़की पक्ष ने विवाह का कार्यक्रम रद्द कर दिया और बारात को वापस लौटा दिया।अचानक हुए घटनाक्रम से शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। स्थिति यह रही कि बाराती बिना भोजन किए ही वापस लौट गए।
थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि प्रेमिका के बारात में पहुंचकर हंगामा करने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। युवती को समझाकर घर भेज दिया गया था। बाद में बारात पक्ष ने लड़की पक्ष द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी में हुए खर्च की रकम वापस कर विवाह निरस्त कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।