विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज के मऊआइमा में रेल हादसा टला, पटरी पर रखी थी गिट्टी; अयोध्या-संगम पैसेंजर के लोको पायलट ने दिखाई तत्परता

By Amarish Kumar Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 17 Oct 2026 08:36 PM (IST)

प्रयागराज के मऊआइमा में अयोध्या-संगम पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया, जब उन्होंने रेल ...और पढ़ें

प्रयागराज के मऊआइमा में बड़ा रेल हादसा टला। जागरण आर्काइव फोटो

प्रयागराज के मऊआइमा में बड़ा रेल हादसा टला। जागरण आर्काइव फोटो

HighLights

  1. चालक की तत्परता से टला बड़ा हादसा, आरपीएफ ने दर्ज किया मुकदमा

  2. नौ मिनट तक रुकी रही ट्रेन, शरारती तत्वों पर खुफिया एजेंसियों की भी नजर

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। फाफामऊ-प्रतापगढ़ रेल प्रखंड पर मऊआइमा स्टेशन के आउटर पर शुक्रवार देर रात रेलवे ट्रैक से छेड़छाड़ की गंभीर घटना सामने आई है। रेल पटरी पर गिट्टी रखकर अयोध्या कैंट से प्रयागराज संगम आ रही पैसेंजर ट्रेन को बाधित करने की कोशिश की गई। हालांकि लोको पायलट की सतर्कता के चलते समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

मामले में आरपीएफ ने अज्ञात अराजकतत्वों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शुक्रवार रात करीब 10:32 बजे गाड़ी संख्या 64222 अयोध्या कैंट-प्रयागराज संगम पैसेंजर मऊआइमा रेलवे स्टेशन के समीप पहुंच रही थी। तभी प्वाइंट संख्या 41/बी के पास चालक की नजर ट्रैक पर रखी पत्थरों की गिट्टियों पर पड़ी। खतरे को भांपते हुए चालक ने फौरन आपातकालीन ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया और मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी।

सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक विजय कुमार ने प्वाइंट्समैन को मौके पर भेजा और ट्रैक पर फैली गिट्टियों को फौरन साफ कराया गया। लाइन क्लीयर होने के बाद रात 10:41 बजे ट्रेन को प्रयागराज के लिए रवाना किया जा सका। इस व्यवधान के कारण ट्रेन आउटर पर करीब नौ मिनट तक खड़ी रही। संवेदनशील रेलखंड होने के मद्देनजर खुफिया एजेंसियां और रेल सुरक्षा बल हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं।

मामले में आरपीएफ चौकी फाफामऊ के प्रभारी जीके सिंह ने बताया कि स्टेशन अधीक्षक के मेमो के आधार पर रेलवे एक्ट की धारा 174(सी) में केस पंजीकृत किया है। प्राथमिक तौर पर यह मेला घूमने निकले बच्चों या शरारती तत्वों की करतूत प्रतीत होती है।

यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे यूनिसेक्स सैलून, यात्रा के दौरान साज-सज्जा कर सकेंगे; NCR के इन स्टेशनों से होगी शुरूआत

यह भी पढ़ें- रेलवे ने बढ़ाईं टेक्नीशियन ग्रेड-तीन के पदों की संख्या, अब 7002 पदों पर होगी भर्ती; अभ्यर्थियों को राहत