प्रयागराज-वाराणसी की यात्रा करने वालों के लिए सुविधा, इस रूट पर छह नई अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों का शुरू हुआ संचालन
प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ...और पढ़ें

प्रयागराज से वाराणसी के लिए नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गईं, यात्रियों को कम किराए में यात्रा करने में आसानी होगी।
HighLights
उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम ने इस रूट पर छह नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दी
यात्रियों को इन प्रीमियम बसों में सफर करने के लिए अधिक रुपये खर्च नहीं करना होगा
लखनऊ, कानपुर और अयोध्या जैसे प्रमुख रूटों पर भी चलाई जाएंगी इलेक्ट्रिक बसें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। प्रयागराज और वाराणसी के बीच यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने इस रूट पर छह नई अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखा दी है। पहले इन बसों को चार अलग-अलग शहरों के लिए चलाने का विचार था लेकिन वर्तमान योजना के तहत अभी सभी छह बसें केवल वाराणसी मार्ग पर ही अपनी सेवाएं देंगी।
इलेक्ट्रिक बसों का किराया जनरथ बसों के बराबर
सबसे खास बात यह है कि यात्रियों को इन प्रीमियम बसों में सफर करने के लिए अधिक खर्च नहीं करना होगा, क्योंकि इनका किराया जनरथ बसों के बराबर ही तय किया गया है। इन हाईटेक बसों का संचालन रूसी कंपनी आरजी मोबिलिटी के जरिए किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और परिचालन की जिम्मेदारी लीडर रोड डिपो को सौंपी गई है। बसों के रखरखाव और चार्जिंग के लिए लीडर रोड वर्कशाप में ही बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है।
प्रयागराज को कुल 33 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि प्रयागराज को कुल 33 इलेक्ट्रिक बसें मिलनी हैं, जिनमें से अभी केवल पहली खेप आई है। जैसे ही शेष 27 बसें विभाग को प्राप्त होंगी, इनका दायरा बढ़ाते हुए इन्हें लखनऊ, कानपुर और अयोध्या जैसे प्रमुख रूटों पर भी चलाया जाएगा। यह कदम न केवल परिवहन को आधुनिक बना रहा है बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक प्रयास है।
