प्रयागराज: सुलेमसराय दधिकांदो के मेले में जमकर अराजकता, कई जगह हुई मारपीट; दो युवकों के सिर फूटे
प्रयागराज के सुलेमसराय में दधिकांदो मेले के दौरान कई स्थानों पर मारपीट की घटनाएं हुईं, जिसमें दो युवकों के सिर ...और पढ़ें

सुलेम सराय के दधिकांदो मेले में कई जगह मारपीट की घटनाएं हुईं।
HighLights
अलग-अलग गुटों के बीच मारपीट की घटनाएं हुईं
धूमनगंज थाने में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सुलेम सराय के दधिकांदो मेले में रविवार रात जमकर जूतर-पैजार हुआ। दो युवकों के सिर भी फूट गए। मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग गुटों के बीच मारपीट हुई। दो पीड़ित युवकों की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने मुकदमा कायम किया।
साथ ही घटना में शामिल रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया। जगह-जगह हुई मारपीट और पुलिस के हटाने-बचाने का कई वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, जिसकी पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है।
धूमनगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात दधिकांदो का मेला था। महिला ग्राम चौराहे के पास साउंड कंपटीशन चल रहा था। जबकि अन्य स्थानों पर भी चौकी के प्रदर्शन के लिए साउंड लगाया गया था। मेले में महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों के साथ ही नशे में धुत तमाम युवक पहुंचे थे।
महिला ग्राम के पास डांस करने को लेकर विवाद हुआ तो एक युवक को लात-घूंसों से पीटा गया। फिर बेल्ट से मारकर उसका सिर फोड़ दिया गया। वहीं, नीमसराय के पास भी एक युवक को पीटकर जख्मी कर दिया गया। इसी तरह कई जगहों पर मारपीट हुई।
इस दौरान एसीपी रवि गुप्ता, इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय, दारोगा और सिपाही मारपीट करने वालों को हटाते, भगाते और पकड़़ते रहे। मेले में एक महिला के साथ बदसलूकी भी हुई, जिसने युवक को सबक सिखाने की धमकी दी। बहरहाल, इंस्पेक्टर का कहना है कि दो युवकों की तहरीर पर मुकदमा कायम करते हुए दो आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है। बाकी की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने पकड़ा तो माफी मांगने लगे आरोपित
सलोरी के मेले में भी कुछ युवकों ने मारपीट की थी। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर्नलगंज पुलिस ने चार युवकों को चिन्हित करते हुए पकड़ा तो वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। शनिवार को सलोरी में दधिकांदो मेला था, जहां पहुंचे कुछ युवकों ने जमकर मारपीट की थी।
