विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज: साेहबतियाबाग डॉट पुल के निकट जाम से जल्द मिलेगी मुक्ति, 4 बड़े गड्ढे हजारों लोगों की बने समस्या 

By Amardeep Bhatt Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 06 Sep 2026 06:24 PM (IST)

प्रयागराज के सोहबतियाबाग डॉट पुल के पास नाले की सफाई के लिए खोदी गई सड़क 15 दिनों से जाम और ...और पढ़ें

सोहबतिया बाग डॉट पुल के पास खोदाई करके छोड़ दिया गया गड्ढा, जाम में फंसे वाहन। जागरण

सोहबतिया बाग डॉट पुल के पास खोदाई करके छोड़ दिया गया गड्ढा, जाम में फंसे वाहन। जागरण

HighLights

  1. जल निकासी को खोदी गई सड़क बनी मुसीबत

  2. जाम के चलते रोज लोग हो रहे हैरान और परेशान

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नाले की सफाई के नाम पर खोदी गई सड़क सोहबतियाबाग डॉट पुल के पास राहगीरों के जी का जंजाल बन गई है। दिन भर में कई बार यातायात जाम और बीच में फंसे लोगों के बीच आपसी झगड़े हो रहे हैं। नगर निगम ने शनिवार को दावा किया है कि दो दिन में सड़क बना दी जाएगी, जिससे यातायात सुगम होगा।

लगभग 50 मीटर के बीच सड़क पर चार बड़े गड्ढे हैं। बीते 15 दिनों से यहां हालात खराब हैं। हजारों लोगों की समस्या है कि वे आखिर किस रास्ते पर चलें। आए दिन यहां जाम में मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस फंस जाती है और दो मिनट में जो रास्ता पार हो जाता था अब वहां एक से सवा घंटे लग रहे हैं। 

अगस्त में घनघोर वर्षा के चलते पूरे शहर में अभूतपूर्व जलभराव हो गया था। इसमें सबसे ज्यादा जार्जटाउन और टैगोर टाउन प्रभावित हुआ था। जार्जटाउन में तो सीवाई चिंतामणि मार्ग पर संगम पेट्रोल पंप तक जलभराव हुआ था। कुछ ऐसा ही हाल टैगोर टाउन, सोहबतियाबाग रौजा के पास रहा। इन इलाकों के बीच संगम मार्ग है जो अलोपीबाग चुंगी से सोहबतियाबाग डाट पुल होते हुए भरद्वाजमुनि चौराहा (बालसन चौराहा) तक हैं। इन दिनों यही मार्ग बड़ा दुखदायी हो गया है।

जाम ऐसा कि वापस लौटने का भी नहीं मिला मौके

अलोपीबाग की ओर से बाइक से शनिवार को सिविल लाइंस जा रहे कैलाश मालवीय सोहबतियाबाग डाट पुल के पास भीषण जाम में फंस गए। बताया कि जाम से बचने के लिए गाड़ी वापस मोड़ने का प्रयास कर रहे थे तब तक पीछे से रिक्शे, अन्य वाहन चालक, लोडर आदि आ गए। पलक झपकते ही बाइक अन्य गाड़ियों से घिर गई और आधे घंटे से फंसे हैं। ई-रिक्शे पर बैठे संतोष शुक्ला, अंजली सिंह और पूजा गुप्ता, का कहना था कि 40 मिनट हो गए। रिक्शा आगे बढ़ ही नहीं पा रहा है। इतना भीषण जाम है, कहीं पुलिस कर्मी भी नहीं दिखे।

लोगों का दर्द

जलभराव हो गया था तो नगर निगम ने नाला सफाई के नाम पर सड़क खोद दी। अब कर्मचारी इसमें भी लेटलतीफी कर रहे हैं। रोज जाम लग रह है।
- आयुष, साेहबतियाबाग

एक घंटा हो गया जाम में फंसे हुए। गाड़ियां आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। पुलिस कर्मी भी नहीं हैं। जनता परेशान है और इसके जिम्मेदार अनदेखी कर रहे हैं।
राकेश दारागंज

एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया है। दूसरे तरफ का खुला हुआ है। जाम इसलिए भी लग जा रहा है क्योंकि गाड़ियों का दोनों तरफ से आवागमन इसी पर है।
- विशाल सिंह तेलियरगंज

भरद्वाजपुरम गए थे। पहले सोचा की बाघम्बरी गद्दी की तरफ से चलें, फिर मन हुआ कि सोहबतियाबाग की ओर से ही चलते हैं। यहां आए तो जाम में फंस गए।
- सुशील सिविल लाइंस

सड़क को कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया है। सब मौज कर रहे हैं। उच्चाधिकारी आते नहीं हैं। जाम नहीं लगेगा तो क्या होगा। नाला सफाई में क्या 15 दिन लगते हैं।
- अविनाश बैरहना

तीन मिनट का रास्ता है, अलोपीबाग चौराहा से संगम पेट्रोल पंप तक पहुंच सकते हैं। जाम लग गया है तो इसमें फंसे लोग आधे-एक घंटे से आगे नहीं बढ़ सके हैं।
- विकास बैरहना

नाला सफाई का कार्य चल रहा था। सफाई लगभग पूरी हो गई है। दो दिन में सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।
- गणेश केसरवानी, महापौर

बाघम्बरी मार्ग पर रोज लग रहा जाम

भरद्वाजपुरम में पुलिस चौकी पास इन दिनों यातायात जाम हो रहा है। यहां सीवर की सफाई के लिए सड़क पर गड्ढा किया गया और पाटे बिना छोड़ दिया गया है। इससे बाघम्बरी मार्ग दिन में कई बार जाम हो रहा है। भरद्वाजपुरम, पुरा पड़ाइन समेत अन्य मुहल्लों की ओर जाने वालों को इससे परेशानी हो रही है। शनिवार को भी यहां यातायात जाम रहा।

यह भी पढ़ें- अब सूबेदारगंज और सोनभद्र स्टेशन पर लीजिए 24 घंटे खान-पान की सुविधा, यात्रियों को अत्याधुनिक फूड वैन की सुविधा मिलेगी

यह भी पढ़ें- मोती उत्पादन के लिए सरकार 60 प्रतिशत तक देगी अनुदान, मत्स्य पालक शीघ्र करें आवेदन