प्रयागराज में नए सिक्स लेन ब्रिज को लेकर आया बड़ा अपडेट, इस दिन से पुल पर दौड़ेंगी गाड़ियां
प्रयागराज के फाफामऊ और स्टेनली रोड सिक्सलेन सेतु की दाहिनी लेन 25 नवंबर तक और बाईं लेन 25 दिसंबर तक यातायात के लिए खुल जाएगी।

नया सिक्स लेन पुल
HighLights
दाहिनी लेन 25 नवंबर तक, बाईं लेन 25 दिसंबर तक खुलेगी।
फाफामऊ, तेलियरगंज में लगने वाले जाम से मिलेगी राहत।
लगभग 2000 करोड़ की लागत से बना 9.9 किमी लंबा पुल।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। फाफामऊ के मलाका और शहर के स्टेनली रोड सिक्सलेन सेतु की दाहिनी लेन 25 नवंबर तक शुरू हो जाएगी। वहीं, बाईं लेन पर 25 दिसंबर तक हर हाल में यातायात संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे फाफामऊ ब्रिज, फाफामऊ बाजार तथा तेलियरगंज में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। साथ ही गंगापार के सोरांव और प्रतापगढ़, अयोध्या, सुलतानपुर, रायबरेली व लखनऊ समेत अन्य शहरों की राह आसान होगी।
लगभग 2000 करोड़ रुपये की लागत से इस ब्रिज परियोजना का निर्माण लगभग साढ़े पांच वर्ष पहले शुरू हुआ था। इसकी कुल लंबाई लगभग9.9 किमी है, जिसमें गंगा नदी पर करीब 3.86 किमी का मुख्य पुल और 5.23 किमी एप्रोच रोड शामिल है।

मंगलवार को पुल के निरीक्षण के दौरान सेतु निगम के सहायक अभियंता वरुण वार्ष्णेय ने बताया कि बचे हुए कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। परियोजना निदेशक नुसरत खान ने बताया कि 25 नवंबर तक एक लेन से आवागमन शुरू करा दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक हर्षवर्धन ने निर्माण एजेंसी के सुनील सिंगला सहित टेक्निकल टीम से कहा कि शहर में हर दिन जाम लग रहा है, पुल पर यातायात संचालन में अब देरी न हो। इससे फाफामऊ-सिविल लाइंस रूट पर आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। निरीक्षण में अरुण शुक्ला, प्रांशु त्रिपाठी, विमल मिश्रा, देव विनायक, भानू पटेल, आकाश, सोनू जायसवाल, आशू शुक्ला, मोहित पांडेय, शानू भट्ट, सारिका शर्मा और हिमांशु उपस्थित रहे।
