प्रयागराज में बड़ी घटना: दुकान पर बैठे शटरिंग कारोबारी की गोली मारकर हत्या, वारदात को अंजाम दे पैदल भागे आरोपित
प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में एक शटरिंग कारोबारी विजय लाल की चाय की दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो अज्ञात हमलावर वारदात को अंजाम देकर पैदल ही फरार हो गए।

प्रयागराज के मऊआइमा निवासी शटरिंग कारोबारी विजय लाल की फाइल फोटो।
HighLights
चाय-पान की दुकान पर बैठे थे कारोबारी, इसी दौरान दो बदमाश पहुंचे
गंगापार के मऊआइमा थाना क्षेत्र के विशानी उर्फ शिकोहाबाद की घटना
संसू ,जागरण, सोरांव (प्रयागराज)। गंगापार के मऊआइमा थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात हुई। ग्राम पंचायत विशानी उर्फ शिकोहाबाद मजरा लोकापुर मे शुक्रवार शाम चाय-पान की दुकान पर बैठे शटरिंग कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित पैदल ही फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
लोकापुर निवासी 30 वर्षीय विजय लाल उर्फ मिंटू पटेल पुत्र कन्हई लाल शटरिंग का कारोबार करते थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे वह गांव के किनारे रेलवे ओवर ब्रिज पर फाटक के पास स्थित राज नारायण पटेल की चाय-पान की दुकान पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान दुकान में घुसे दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों हमलावर पैदल ही गांव की ओर फरार हो गए।
उधर गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मऊआइमा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लिया। विजय लाल तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके दोनों भाई गांव में खेती-किसानी और मेहनत-मजदूरी करते हैं। उनके पिता कन्हई लाल राजमिस्त्री हैं। विजय लाल की पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।