विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में कई ADM के अधिकार घटे तो कुछ के बढ़े, पंचायती राज का कार्य अब एडीएम आपूर्ति देखेंगे

By Gyanendra Singh Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Tue, 26 May 2026 01:01 PM (IST)

प्रयागराज में अपर जिलाधिकारियों के कार्यभार का नया विभाजन किया गया है, जिसमें कुछ एडीएम के अधिकार बढ़े तो कुछ ...और पढ़ें

प्रयागराज में कई एसडीएम के अधिकार क्षेत्र में बदलाव डीएम ने किया है।

प्रयागराज में कई एसडीएम के अधिकार क्षेत्र में बदलाव डीएम ने किया है।

HighLights

  1. एडीएम नमामि गंगे के पास गांव के साथ अब शहर में भी भूमि अधिग्रहण का प्रभार

  2. अपर जिलाधिकारियों का डीएम ने किया कार्य विभाजन, तहसीलों का भी प्रभार दिया

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कई वर्षों के बाद अपर जिलाधिकारियों का कार्य विभाजन नए सिरे से किया गया है। इसमें कई एडीएम के अधिकार घट गए हैं तो कुछ के बढ़ाए गए हैं। सभी अपर जिलाधिकारियों को तहसीलों का भी प्रभार दिया गया है, जो माह में दो दिन आवंटित तहसील में जाकर वहां के कार्यों की समीक्षा करेंगे।

डीएम के निर्देश पर हुआ कार्य विभाजन 

डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर हुए कार्य विभाजन के अनुसार एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह के पास जिला जनगणना अधिकारी पद बना रहेगा। इसके साथ ही जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पद रहेगा। इसके साथ ही जिला विवाह अधिकारी का पद भी उनके पास है। वित्त एवं राजस्व के साथ ही स्टांप के सभी मुकदमों के निस्तारण का अधिकार उनके पास ही है। सरफेशी के मुकदमें भी अब वह देखेंगी। मतलब, बैंक लोन डिफाल्टर और कब्जा के प्रार्थना पत्रों की वह सुनवाई कर सकेंगी।

इनसे अधिकार छिना, इन्हें मिला 

एडीएम वित्त एवं राजस्व के पास से पंचायती राज तथा स्थानीय निकायों के चुनाव का अधिकार ले लिया गया है। यह अधिकार अब एडीएम आपूर्ति विजय कुमार शर्मा के पास हो गया है। एडीएम आपूर्ति के पास आपूर्ति के अलावा छात्र-छात्राओं को टैबटलेट व स्मार्ट फोन वितरण की भी जिम्मेदारी रहेगी। एडीएम नजूल संजय कुमार पांडेय के पास मुख्य राजस्व अधिकारी के साथ डीडीसी चकबंदी का अतिरिक्त प्रभार है। उनके पास से वरिष्ठ अधिकारी का प्रभार लेकर एडीएम नमामि गंगे संजीव शाक्य को दे दिया गया है।

भूमि अधिग्रहण का प्रभार एडीएम नमामि गंगे के पास 

एडीएम नमामि गंगे के पास गंगा प्रदूषण से लेकर नमामि गंगे की सभी परियोजनाएं हैं। उनके पास अब ग्रामीण के साथ ही शहर में भी भूमि अधिग्रहण का प्रभार रहेगा। पहले शहर में भूमि अधिग्रहण का प्रभार एएसडीएम सदर के पास था। एडीएम प्रशासन उपमा पांडेय के पास लोकसभा, विधानसभा तथा विधान परिषद चुनावों के अलावा खनन विभाग का चार्ज है।

एडीएम सिटी प्रोटोकाल, परीक्षा व शस्त्र प्रभारी बने

एडीएम सिटी सत्यम कुमार मिश्र को प्रोटोकाल, नगर पंचायतों के साथ परीक्षा व शस्त्र का प्रभारी बनाया गया है। इन अपर जिलाधिकारियों को तहसीलों का भी प्रभारी बनाया गया है। एडीएम को सदर तहसील, एडीएम नजूल को फूलपुर, एडीएम नमामि गंगे को हंडिया, एडीएम आपूर्ति को बारा, एडीएम वित्त एवं राजस्व को मेजा व कोरांव, एडीएम प्रशासन को करछना और सिटी मजिस्ट्रेट को सोरांव तहसील का प्रभारी बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- अवैध खनन के खिलाफ प्रयागराज में सख्त कार्रवाई, रात भर छापेमारी में 66 ट्रक सीज व 43 का चालान

यह भी पढ़ें- Indian Railways का बड़ा फैसला : प्रयागराज में पुरानी GDCE भर्तियां रद, अब नए पैटर्न पर शुरू होगी प्रक्रिया