विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में भीषण सड़क हादसों में 4 की मौत, गंगापार में दो और यमुनापार में मां-बेटे की गई जान; 4 लोग घायल

By rajendra yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 14 Sep 2026 12:42 PM (IST)

प्रयागराज में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जिसमें गंगापार में दो और यमुनापार में ...और पढ़ें

प्रयागराज के यमुनापार में औद्योगिक थाना क्षेत्र में मां-बेटे की मौत के बाद

प्रयागराज के यमुनापार में औद्योगिक थाना क्षेत्र में मां-बेटे की मौत के बाद

HighLights

  1. गंगापार के उतरांव में खड़ी पिकअप में डीसीएम वाहन टकराया, चालक व पशु व्यापारी की मौत 

  2. यमुनापार में औद्योगिक थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से मजदूर की पत्नी व मासूम पुत्र की गई जान

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। जनपद में गंगापार और यमुनापार में दो स्थानों पर रविवार रात व सोमवार सुबह सड़क हादसे हुए। इसमें चार लोगों की मौत हो गई। गंगापार के उतरांव में खड़े पिकअप वाहन में डीसीएम के टकराने से चालक और पशु व्यापारी की जान चली गई, जबकि चार लोग घायल हुए। वहीं यमुनापार में औद्योगिक थाना क्षेत्र में सरस्वती हाईटेक सिटी के सामने मीरजापुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से एक महिला और उसके मासूम पुत्र की मौत हो गई। 

एनएच-19 पर उतरांव में हादसा

पहली गंगापार में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-19 पर उतरांव थाना क्षेत्र में एकडला के भरहरी गांव के सामने रविवार रात करीब एक बजे हुई। सड़क पर खराब खड़े पिकअप वाहन में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम गाड़ी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप वाहन पलट गया। इस दौरान पिकअप में आई खराबी ठीक कर रहे दो लोग उसके नीचे दब गए, जबकि वाहन में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई।

गाजीपुर से भैंस खरीदकर जा रहे थे प्रतापगढ़

प्रतापगढ़ के उत्तरी सदर कोतवाली क्षेत्र के दलियामऊ गांव निवासी विनोद यादव अपने साथी राकेश यादव, त्रिभुवन पटेल, नन्नू वर्मा और नन्हेंलाल वर्मा तथा सुल्तानपुर के बजेठी मीरानपुर गांव निवासी पिकअप चालक वीरंद लाल के साथ गाजीपुर पशु बाजार से तीन दुधारू भैंस लादकर प्रतापगढ़ जा रहे थे।

पिकअप में आई खराबी ठीक करते समय दुर्घटना 

रविवार रात करीब एक बजे एकडला के भरहरी गांव के सामने अचानक पिकअप वाहन बंद हो गया। चालक वीरंद लाल और नन्नू वर्मा पिकअप से उतरकर उसे ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार डीसीएम गाड़ी ने पिकअप में टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गया और दोनों उसके नीचे दब गए।

वाहन के नीचे दबने से दो की मौत, चार घायल

हादसे में पिकअप में सवार राकेश, नन्हेंलाल, त्रिभुवन और विनोद भी घायल हो गए। घायलों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही उतरांव पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप के नीचे दबे वीरंद लाल और नन्नू वर्मा को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 21 वर्षीय वीरेंद्र लाल पुत्र राम मिलन और 55 वर्षीय नन्नू वर्मा को मृत घोषित कर दिया। चार घायलों का उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल विनोद यादव की तहरीर पर पुलिस ने डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत

यमुनापार में औद्योगिक थाना क्षेत्र के सरस्वती हाईटेक के समीप सोमवार सुबह पानी भरने के लिए सड़क पार कर रही महिला और उसके दो साल के बच्चे की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलोही कला पोस्ट हनुमना गांव निवासी 30 वर्षीय माया देवी पत्नी परवचन उर्फ (बचनू) और उनके दो वर्षीय बेटे खतरू पिछले चार साल से परिवार सरस्वती हाईटेक सिटी के पास झोपड़पट्टी में रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था।

मां-बेटे के चीथड़े उड़े 

सुबह करीब छह बजे माया देवी खाना बनाने के लिए पानी लेने मीरजापुर मार्ग के उस पार गई थी। वापस लौटते समय करछना की ओर से आ रहा ट्रक उसे और मासूम बेटे को रौंदते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी उनके मांस के चिथड़े इधर-उधर फैल गए। पुलिस ने शव के मास के चीथड़े को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 

यह भी पढ़ें- प्रयागराज-रीवा हाईवे पर दर्दनाक हादसा: बस की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत व पिता घायल

यह भी पढ़ें- ट्रेन में मुसाफिर बनकर परिवार का जीता भरोसा फिर 9 वर्षीय बच्ची को किया अगवा; GRP ने सतना से किया बरामद